Indian Railways News => Topic started by nikhilndls on Aug 26, 2013 - 06:00:37 AM


Title - ओवरब्रिज के डिजाइन को लेकर रेलवे से हरी झंडी का इंतजार
Posted by : nikhilndls on Aug 26, 2013 - 06:00:37 AM

सोनीपत : शहर के रोहतक रोड रेलवे ओवरब्रिज के दोहरीकरण का मामला अब रेलवे के पाले में है। लोक निर्माण विभाग की ओर से दिल्ली रेल मंडल के बरोदा हाउस में ओवरब्रिज के डिजाइन को संस्तुति के लिए भेजा जा चुका है। लेकिन रेलवे की हरी झंडी मिलने में हो रही देरी की वजह से ओवरब्रिज के दोहरीकरण का कार्य शुरू नहीं हो पाया है।
क्या है योजना
वर्ष 2011 में मुख्यमंत्री द्वारा रोहतक रोड रेलवे ओवरब्रिज के साथ एक और ओवरब्रिज बनाने की घोषणा की गई थी। ताकि दोहरीकरण होने से भारी वाहनों की आवाजाही सुचारु रूप से हो सके। योजना को लेकर लोक निर्माण विभाग की ओर से ओवरब्रिज का डिजाइन तैयार किया गया है। इसमें पुल के निर्माण पर करीब 25.4 करोड़ रुपये खर्च होने का प्रस्ताव तैयार किया गया। विभाग के प्रस्ताव के बाद रेलवे के हिस्से में आने वाले पुल को लेकर लोक निर्माण विभाग की ओर से डिजाइन दिल्ली मंडल के बरोदा हाउस भेज दिया गया। जहां से उसके अनुमति का इंतजार है।
कई दौर की हो चुकी है बैठक
रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण को जल्द पूरा करने के लिए लोनिवि की ओर से कई बार रेलवे अधिकारियों से डिजाइन को अंतिम रूप देने की कवायद की जा चुकी है। लोनिवि के अधिकारियों के मुताबिक, रेलवे की ओर से संस्तुति में देरी की वजह से ओवरब्रिज योजना को तय समय पर सिरे चढ़ाने में दिक्कत आ सकती है।
ओवरब्रिज पर लगा रहता है जाम
रोहतक रोड ओवरब्रिज पर ट्रैफिक का दवाब लगातार बढ़ता जा रहा है। स्थिति इस कदर बिगड़ चुकी है कि दिन के समय अक्सर यहां जाम की स्थिति बनी रहती है। खास तौर पर गोहाना रोड रेलवे फाटक के बंद होने के कारण इस ओवरब्रिज पर वाहनों की आवाजाही कई गुणा बढ़ गई है। मौजूदा स्थिति में इस ओवरब्रिज का दोहरीकरण जल्द किया जाना आवश्यक हो गया है।
आइटीआइ चौक के पुल से पहले तक बनेगा टू लेन सीमेंटेड सड़क
शहर के आइटीआइ चौक से रोहतक रोड रेलवे पुल से पहले तक टू लेन सीमेंटेड सड़क का निर्माण होगा। इस बारे में लोनिवि की ओर से निदेशालय प्रस्ताव भेजा गया था। फिलहाल यह सड़क तारकोल की है तथा जलभराव की वजह से यह जल्द ही टूट जाती है। इस वजह से लोनिवि की ओर से इसे सीमेंटेड बनाने की बात कही गई थी। लोनिवि के अधिकारियों के अनुसार, करीब सवा करोड़ रुपये के बजट से इस सड़क को सीमेंटेड तैयार किया जाएगा। ताकि जलभराव के बावजूद यह सड़क जल्द नहीं टूट पाए।
क्या कहते हैं सर्कल अधीक्षण अभियंता
सर्कल अधीक्षण अभियंता सुरेश डांगी ने बताया कि रोहतक रोड ओवरब्रिज के पास एक और पुल बनने की योजना रेलवे के डिजाइन संस्तुति के बाद ही सिरे चढ़ सकती है। रेलवे से हरी झंडी मिलते ही इसका टेंडर निकाला जाएगा। वे लगातार रेलवे अधिकारियों से इसके डिजाइन को पास करवाने के लिए बातचीत कर रहे हैं। कई बार उनसे बैठकें भी हो चुकी हैं।