Indian Railways News => Topic started by Jitendar on Aug 12, 2013 - 11:57:41 AM


Title - ऑनलाइन टाइमटेबल में गुड़गांव शामिल, खबर के 10 दिन बाद रेलवे ने सुधारी अपनी भूल।
Posted by : Jitendar on Aug 12, 2013 - 11:57:41 AM

नई दिल्ली-अहमदाबाद राजधानी एक्सप्रेस के ऑनलाइन टाइमटेबल में रेलवे ने अपनी चूक को सुधार लिया है। दैनिक भास्कर में खबर प्रकाशित होने के 10 दिन बाद आईआरसीटीसी ने राजधानी के ऑनलाइन टाइमटेबल में गुड़गांव स्टेशन को शामिल कर लिया है। इसके साथ ही अब यात्री गुड़गांव से ऑनलाइन आरक्षण की सुविधा ले सकेंगे। 12958/57 नई दिल्ली-अहमदाबाद स्वर्ण जयंती राजधानी एक्सप्रेस का पिछले साल दिसंबर में गुड़गांव स्टेशन पर स्टॉपेज शुरू करने के बावजूद रेलवे ने अब तक ऑनलाइन टाइमटेबल में गुड़गांव को शामिल ही नहीं किया था।

दैनिक भास्कर ने एक अगस्त के अंक में छह महीने से चल रही रेलवे की इस चूक को उजागर करते हुए यात्रियों की परेशानी को बयां किया था। बताया जा रहा है कि राजधानी एक्सप्रेस में इतनी बड़ी भूल को लेकर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों तक सूचना जाने पर उन्होंने एक्शन लेते हुए 10 दिन बाद टाइमटेबल में संशोधन करा दिया है। इसे रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट पर टाइमटेबल को देखा जा सकता है। इसमें राजधानी का गुड़गांव स्टेशन पर रात 08.44 बजे से दो मिनट का स्टॉपेज दिखाया जा रहा है। इस संशोधन के बाद राजधानी में सफर करने वाले यात्रियों को काफी फायदा मिलेगा। जिन्हें अब तक नई दिल्ली स्टेशन से ऑनलाइन बुकिंग करानी पड़ रही थी। अब गुड़गांव स्टेशन से भी यात्रियों के लिए ऑनलाइन बुकिंग के दरवाजे में खुल जाएंगे। इस बारे में आईआरसीटीसी के प्रवक्ता ने बताया कि रेल मंत्रालय की तरफ से डाटा मिलते ही इसे वेबसाइट पर अपडेट कर दिया गया है।