Indian Railways News => Topic started by puneetmafia on Sep 05, 2013 - 08:57:09 AM


Title - ऐतिहासिक धरोहर सजोएगा रेलवे
Posted by : puneetmafia on Sep 05, 2013 - 08:57:09 AM

इलाहाबाद : रेलवे अब गौरवशाली अतीत को जीवित रखने के लिए ऐतिहासिक धरोहर सजोएगा। बुधवार को उत्तर-मध्य रेलवे मुख्यालय में हैरिटेज कमेटी की बैठक में महाप्रबंधक ने तीनों मंडलों के अधिकारियों को ऐतिहासिक धरोहर सहेजने के निर्देश दिए हैं। इनमें 1882 में स्थापित इलाहाबाद लोको वर्कशॉप की दो चिमनिया, ग्वालियर का म्युजियम, नैरोगेज की रेल कार और निरीक्षण कार को शामिल किया गया है।
महाप्रबंधक ने कहा कि रेल का विकास देश की औद्योगिक प्रगति के साथ कदम से कदम मिलाकर हुआ है। इससे सभी मंडलों के पास भवनों, पुलों, वस्तुओं और मशीनों का अपार भंडार हैं। उन्होंने धरोहरों के संरक्षण के लिए मंडल स्तर पर उच्चस्तरीय फील्ड कमेटियां गठित करने का निर्देश दिया। यह कमेटियां अपर मंडल प्रबंधक के नेतृत्व में धरोहरों के रखरखाव और बचाव करने का काम करेंगी। मुख्य यांत्रिक इंजीनियर एवं हैरिटेज कमेटी के अध्यक्ष सैयद कबीर अहमद ने भी विरासत को सहेजने का समर्थन करते हुए भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। वित्त सलाहकार एवं कमेटी सचिव योगेश श्रीवास्तव ने ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण को लेकर चल रहे कार्यो और उनकी वर्तमान स्थितियों के बारे में बताया। बैठक का संचालन मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी संदीप माथुर ने किया। मुख्य इंजीनियर सतीश कुमार, आगरा, झांसी और इलाहाबाद के डीआरएम और मुख्य कारखाना प्रबंधक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।