Indian Railways News => Topic started by sushil on Jun 30, 2013 - 11:30:13 AM


Title - एयरपोर्ट मेट्रोः डीएमआरसी ने तैयार की सौ सदस्यीय ऑपरेशन टीम
Posted by : sushil on Jun 30, 2013 - 11:30:13 AM

नई दिल्ली। रिलायंस द्वारा एयरपोर्ट मेट्रो एक्सप्रेस का परिचालन बंद करने के बाद की स्थिति से निपटने के लिए डीएमआरसी (दिल्ली मेट्रो रेल कारपोरेशन) ने सौ सदस्यीय टीम का गठन किया है। डीएमआरसी के परिचालन निदेशक शरत शर्मा के नेतृत्व में गठित की गई इस टीम में ऑपरेशन, ट्रैक्सन, इलेक्टिकल, मेंटीनेंस, सिविल, सिंग्नलिंग, कम्युनिकेशन, सिक्योरिटी, रोलिंग स्टॉक और फाइनेंस आदि विभाग से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को शामिल किया गया है।

दिल्ली एयरपोर्ट मेट्रो एक्सप्रेस लिमिटेड द्वारा जारी नोटिस के अनुसार तीस जून की रात्रि से रिलायंस द्वारा एयरपोर्ट मेट्रो एक्सप्रेस का परिचालन बंद करने की स्थिति में यह टीम एयरपोर्ट मेट्रो के परिचालन को पूरी तरह के टेकओवर कर लेगा। इससे मुसाफिरों को निर्बाध रूप से नई दिल्ली से एयरपोर्ट होते हुए द्वारका सेक्टर 21 तक मेट्रो की सेवाएं उपब्ध कराई जा सकें।

डीएमआरसी के कार्यकारी निदेशक अनुज दयाल के अनुसार 22.8 किलोमीटर लंबी एक्सप्रेस लाइन पर उत्पन्न होने वाली किसी भी आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए डीएमआरसी के प्रबंध निदेशक मंगू सिंह ने सात सदस्यीय कोर टीम का गठन भी किया है। इसके अतिरिक्त सौ सस्यीय टीम में परिचालन के लिहाज से हर स्तर के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शामिल किया गया है। परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सभी प्रकार की मेट्रो का परिचालन करने में सक्षम डीएमआरसी के एक दल ने एयरपोर्ट लाइन और स्टॉक का निरीक्षण कार्य भी पूरा कर लिया है। वहीं द्वारका सेक्टर 21 स्थित आपरेशन कंट्रोल रूप से एयरपोर्ट मेट्रो के परिचालन को चलाने के लिए आपरेशन कंट्रोल मैनेजर की नियुक्ति भी कर दी गई है।

इस रूट पर परिचालन के लिहाज से उत्पन्न होने वाले आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए एक अलग से टीम तैयार की गई है। वहीं रिलायंस द्वारा उत्पन्न किए गए गतिरोध को खत्म करने के लिए डीएमआरसी के डायरेक्टर (वर्क) जीतेंद्र त्यागी, डायरेक्टर (आपरेशन) शरत शर्मा, डायरेक्टर (इलेक्ट्रिकल) एके गुप्ता, और जनरल मैनेजर (आपरेशन) विकास कुमार लगातार दिल्ली एयरपोर्ट मेट्रो एक्सप्रेस प्राइवेट लिमिटेड के अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि २७ जून को दिल्ली एयरपोर्ट मेट्रो एक्सप्रेस प्राइवेट लिमिटेड की ओर से डीएमआरसी को भेजे गए पत्र में ३० जून को एयरपोर्ट मेट्रो का परिचालन बंद करने की बात कही गई थी।