Indian Railways News => Topic started by eabhi200k on Sep 14, 2013 - 15:00:23 PM


Title - ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेलवे एलाइनमेंट का सर्वे पूरा
Posted by : eabhi200k on Sep 14, 2013 - 15:00:23 PM

ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेलवे प्रोजेक्ट के एलाइनमेंट को अंतिम रूप दे दिया गया है। लगभग 127 किमी लंबी इस परियोजना में 80 प्रतिशत रेलवे लाइन सुरंगों से होकर गुजरेगी। इस मार्ग पर कुल 11 स्टेशन चिन्हित किए गए हैं।
शुक्रवार को सचिवालय में मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में रेल विकास निगम लि. के प्रबंध निदेशक सतीश अग्निहोत्री ने परियोजना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एलाइनमेंट का सर्वे पूरा कर लिया गया है। लगभग 127 किमी लंबाई की इस परियोजना में 80 प्रतिशत रेलवे लाइन सुरंग से गुजरेगी। इस पर कुल 11 स्टेशन चिन्हित किए गए हैं। ये हैं वीरभद्र (नया ऋषिकेश), शिवपुरी, व्यासी, देवप्रयाग, मलेथा, श्रीनगर, धारी, रुद्रप्रयाग, घोलतीर, गोचर और कर्णप्रयाग।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय महत्व की इस परियोजना से उत्तराखंड की आर्थिकी को काफी लाभ होगा और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि रेलवे लाइन निर्माण के लिए भू अधिग्रहण अधिकारी नियुक्त कर दिया गया है। उन्होंने रेल विकास निगम लि. को वन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर संभावित पर्यावरण संबंधी आपत्तियों का निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह रेलमंत्री के साथ प्रधानमंत्री से इस संबंध में मुलाकात करेंगे क्योंकि रेलवे लाइन का लगभग सौ किमी हिस्सा वनक्षेत्र में आ रहा है। श्री अग्निहोत्री ने कहा कि एलाइनमेंट बनाते समय हाइ रेजोल्यूशन सेटेलाइट इमेजरी जैसी आधुनिक तकनीक का उपयोग किया गया है। इसमें आइआइटी रुड़की सहित विश्वस्तरीय विशेषज्ञों की मदद ली गई है।
बैठक में कैबिनेट मंत्री डा. हरक सिंह रावत, अमृता रावत, अपर मुख्य सचिव राकेश शर्मा, प्रमुख सचिव एसएस संधु, एस रामास्वामी, सचिव डा. उमाकांत पंवार, भास्करानंद सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। इससे पूर्व रेल विकास निगम लि. के प्रबंध निदेशक सतीश अग्निहोत्री ने मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा से भेंट कर उत्तराखंड में आई दैवीय आपदा के पीड़ितों की मदद के लिए एक करोड़ की धनराशि का चेक मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए सौंपा।