Indian Railways News => Topic started by greatindian on Jun 16, 2013 - 12:30:19 PM


Title - उदयपुर-जयपुर के बीच चलेगी शताब्दी जैसी ट्रेन, जानिए क्या होगा खास
Posted by : greatindian on Jun 16, 2013 - 12:30:19 PM

राजस्थान में चुनावी फिजा के बीच रेल मंत्री सीपी जोशी ने प्रदेश के लिए कई उपहारों की घोषणा एक साथ की है। इसमें तीर्थनगरी नाथद्वारा को जोड़ने वाली बड़ी लाइन परियोजना व जयपुर और उदयपुर के बीच शताब्दी जैसी गाड़ी चलाने का फैसला शामिल है।


नाथद्वारा में एक आधुनिक सुविधाओं से युक्त स्टेशन भी बनाया जाएगा। राजस्थान के अन्य क्षेत्रों मंे रेल सुविधाओं के विस्तार के लिए जोशी जल्द ही प्रदेश के जनप्रतिनिधियों से बात करेंगे। जोशी ने भास्कर से बातचीत में कहा कि नाथद्वारा राजस्थान का प्रमुख तीर्थस्थल है। यहां गुजरात व राजस्थान सहित देश के कोने-कोने से बड़ी संख्या मंे तीर्थयात्री आते हैं। यहां से नजदीकी स्टेशन मंडियाना नाथद्वारा से 11 किलोमीटर दूर है। इसलिए इस तीर्थस्थल को बड़ी लाइन बिछाकर सीधे रेल नेटवर्क से जोड़ने का फैसला किया गया है।

नाथद्वारा भगवान श्रीकृष्ण के मंदिर के लिए प्रसिद्ध है। यहां श्रीकृष्ण अवतार से जुड़ी श्रीनाथ जी की मूर्ति स्थापित है। सीपी जोशी ने कहा कि लंबे समय से नाथद्वारा में रेल सुविधाओं व स्टेशन की मांग हो रही थी। अब इसके प्राथमिक सर्वेक्षण को मंजूरी दी गई है।

लेकसिटी से सबसे फास्ट पहली ट्रेन होगी
छह घंटे में जयपुर
यह ट्रेन अधिकतम छह घंटे में जयपुर पहुंचेगी। एक दिन में जयपुर जाकर लौटा जा सकेगा। यह ट्रेन उदयपुर से जयपुर के बीच सिर्फ भीलवाड़ा व अजमेर स्टेशनों पर ही ठहरेगी। 
ट्रेन में लंच, डिनर
ब्रेकफास्ट ट्रेन में यात्री टिकट के साथ लंच, डिनर या ब्रेकफास्ट का ऑर्डर बुक करा सकेंगे।

बढ़ेगी सुविधाएं
इस ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए वातानुकूलित वेटिंग रूम का निर्माण कराया जाएगा।
रिजर्वेशन का अलग काउंटर
इस ट्रेन में रिजर्वेशन के लिए अलग काउंटर लगाया जाएगा। वर्तमान में रिजर्वेशन के लिए काउंटरों पर भीड़ होने से लोगों को परेशानी होती है।

नाथद्वारा तक ऐसे जाएगी ट्रेन

मावली से मंडियाना तक बिछाए गए 16 किमी लंबे बड़ी लाइन के ट्रैक का विस्तार किया जाएगा। प्लान के तहत मंडियाना स्टेशन से 11 किमी लंबी नई रेल लाइन नाथद्वारा तक बिछाई जाएगी। नाथुवास में नाथद्वारा का रेलवे स्टेशन बनाया जाएगा। नाथद्वारा तक रेल लाइन पहुंचने के बाद सूरत, मुंबई, राजकोट के लिए ट्रेनें चल सकेंगी।


अब भीलवाड़ा में कोच कारखाने पर फोकस

रेल बजट में भीलवाड़ा में 800 करोड़ रुपए की लागत से रेल कोच फैक्टरी स्थापित करने की घोषणा को भी जोशी जल्द पूरा करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार जैसे ही जमीन मुहैया कराएगी यहां काम शुरू कर दिया जाएगा। रेल डिब्बे बनाने वाली कंपनी भेल के साथ समझौते पर हस्ताक्षर किए गए हैं।

इसके अलावा धौलपुर और सरमथुरा के बीच 62 किमी की छोटी लाइन के बड़ी लाइन में परिवर्तित करने को भी कहा गया है। इस योजना से करौल भी जुड़ जाएगा। इसके लिए 212.23 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं। बड़ी लाइन का गंगानगर सिटी तक विस्तार होगा।


राजनीतिक मायने

रेल मंत्री डॉ. सी. पी. जोशी नाथद्वारा से चार बार विधायक चुने गए हैं। पिछली बार वे एक वोट से हार गए थे। वर्तमान में वे भीलवाड़ा से सांसद हैं। राज्य में रेलों के विकास का आने वाले विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को फायदा मिलेगा। मेवाड़ के नेता होने के कारण भीलवाड़ा सहित इस क्षेत्र की 35 विधानसभा क्षेत्रों में उनका प्रभाव है। क्षेत्र के लोग अब उनकी पूर्व मुख्यमंत्री मोहनलाल सुखाड़िया से भी तुलना करने लगे हैं।



बांद्रा तक 7 दिन फुल ट्रेन

रेलवे के अजमेर मंडल प्रबंधक मनोज सेठ ने कहा कि उदयपुर सिटी से बांद्रा तक चलने वाली सुपरफास्ट सप्ताह के सातों दिन फुल ट्रेन चलेगी। वर्तमान में बांद्रा के लिए सप्ताह में छह दिन ट्रेन चलती है, जिसमें से तीन दिन हाफ (चित्तौड़ में अजमेर से आने वाली ट्रेन के साथ जुड़ती है) ट्रेन चलाई जाती है।

सेठ ने शनिवार को उदयपुर क्षेत्र के मासिक निरीक्षण के दौरान स्टेशन पर पत्रकारों को बताया कि यह ट्रेन रोजाना तब चल पाएगी जब उदयपुर-खजुराहो के बीच चलने वाली ट्रेन के रैक का रखरखाव तथा डिब्बों की सर्विसिंग खजुराहो में शुरू कर दी जाएगी। खजुराहो में रखरखाव की व्यवस्था की जा रही है।

स्टेशन पर बढ़ेंगी ये सुविधाएं
सिटी स्टेशन पर वेटिंग रूम, रिटायरिंग रूम, करंट बुकिंग व रिजर्वेशन ऑफिस एयर कूलिंग सिस्टम से जोड़े जाएंगे।

सिटी स्टेशन पर एसकेलेटर (स्वचालित सीढ़ियां) लगाने के लिए स्ट्रक्चर बनाने का काम दस माह में पूरा किया जाएगा।

उदयपुर, अजमेर तथा आबू रोड स्टेशनों के लगेज एवं पार्सल कार्यालयों को ऑनलाइन कम्प्यूटर सिस्टम से जोड़ा जाएगा।