Indian Railways News => Topic started by sushil on Sep 03, 2013 - 11:56:20 AM


Title - उग्र हियुवा कार्यकर्ताओं ने रोकी ट्रेन, पथराव
Posted by : sushil on Sep 03, 2013 - 11:56:20 AM

बस्ती : गौर ब्लाक के पचपेड़वा चौराहा पर योगी आदित्यनाथ के पूर्व निर्धारित कार्यक्रम को प्रशासन द्वारा रोके जाने से नाराज हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने गौर वटिनिच रेलवे स्टेशन के बीच खजुआ गांव के निकट डाउन शहीद एक्सप्रेस को रोक दिया। ट्रेन पर पथराव भी किया। बाद में पहुंची गौर पुलिस ने ट्रेन को रवाना कराया। इस बीच ट्रेन 48 मिनट वहां खड़ी रही।
यूं तो पचपेड़वा चौराहा पर सोमवार को प्रस्तावित हिंदू स्वाभिमान रैली पर प्रशासन ने 24 घंटे पूर्व प्रतिबंध लगा दिया, लेकिन हियुवा कार्यकर्ता प्रशासन के इस फैसले को मानने को तैयार नहीं हुए। अपने समर्थकों को वहां पहुंचने का आह्वान कर दिए। सुबह जब पुलिस ने शहर व आसपास इलाकों ने हियुवा कार्यकर्ताओ व पदाधिकारियो को गिरफ्तार कर लिया तो स्थानीय क्षेत्र के कार्यकर्ता लामबंद हो गौर टिनिच रेलवे स्टेशन के बीच खजुआ गांव के समीप पहुंच गए। इसी बीच 1.40 बजे दोपहर में अमृतसर से जयनगर जाने वाली शहीद एक्सप्रेस को देख कार्यकर्ता लाल झंडी दिखाने लगे और चलती ट्रेन के डिब्बों पर पथराव शुरू कर दिया। ट्रेन के चालक ने अनहोनी की आशंका से ट्रेन को रोक दिया। कार्यकर्ता पटरी पर आ गए और इंजन पर चढ़ सरकार विरोधी नारे लगाते हुए चालक के डिब्बे में घुस गए। वे योगी की सभा को सरकार द्वारा रोक लगाने पर नाराजगी व्यक्त कर रहे थे। कार्यकर्ताओ ने कहा कि हिंदू उत्पीड़न होगा तो वाहिनी चुप नहीं रहेगी। अब आरपार का संघर्ष होगा। प्रदेश सरकार सांसद गोरखपुर योगी आदित्य नाथ लोकतांत्रिक ढंग से होने वाली रैली पर रोक लगाकर हिटलरशाही का प्रदर्शन कर रही है।
ट्रेन के चालक उमेश चंद्र भट्ट ने कहा कि झंडी दिखा कर ट्रेन रोकने का प्रयास करने वाले लोगोंने ट्रेन पर पत्थर भी फेंके हैं। ऐसे में अनहोनी न हो इस नाते ट्रेन को रोक दिया गया। हमारे मुंडेरवा प्रतिनिधि के अनुसार हियुवा की प्रस्तावित रैली व योगी आदित्य नाथ के आगमन को लेकर सशंकित जिलाधिकारी एके दमेले व पुलिस अधीक्षक वीपी श्रीवास्तव ने जिले की सीमा कांटे पर सुबह सेही डेरा जमा दिया था। भारी पुलिस बल के पहरे में कांटे को सुरक्षा घेरे में रखा गया। दिन भर यहां पुलिस बल मौजूद रही।
इनसेट
गौर रेलवे स्टेशन मास्टर बृज कुमार ने शहीद एक्सप्रेस रोके जाने की पुष्टि करते हुए बताया कि पथराव व ट्रेन संचालन में बाधा पहुंचाई गई। वहां करीब 48 मिनट रुकने के बाद टिनिच रेलवे स्टेशन पर भी गाड़ी को सुरक्षा की दृष्टिकोण से करीब एक घंटे रोका गया था।
इनसेट
योगी की सभा पर प्रशासन का पहरा
हियुवा के प्रस्तावित हिंदू स्वाभिमान रैली को लेकर प्रशासन ने पचपेड़वा को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया था। दिन भर भारी पुलिस बल वहां मौजूद रही।
चौराहा पर दोपहर तक जन जीवन सामान्य रहा, बाद में मौके पर पहुंचे उप जिलाधिकारी हर्रैया लालजी मिश्र व क्षेत्राधिकारी अवनीश चंद्र पांडेय ने वहां पहुंच डेरा जमा दिया और लोगों के आवागमन के साथ आसपास की दुकानों को भी बंद कर दिया।