Indian Railways News => Topic started by riteshexpert on Jun 25, 2013 - 08:00:31 AM


Title - ईतवारी रेलवे स्टेशन की घटना : जब मालगाड़ी में लगी आग तो उड़े सबके होश
Posted by : riteshexpert on Jun 25, 2013 - 08:00:31 AM

नागपुर.
इतवारी रेलवे स्टेशन पर कोयले से लदी मालगाड़ी की एक बोगी में आग लग गई। धुआं उठने पर आग लगने की खबर रेलवे कर्मियों और पुलिस को मिली। उसके बाद आग पर काबू पाया गया। घटना रविवार की रात करीब 8 बजे हुई। मालगाड़ी की यह बोगी 21 जून से रेलवे स्टेशन के यार्ड में तकनीकी खराबी के कारण खड़ी कर दी गई थी।  बताया जा रहा है कि बोगी खापरखेड़ा जाने वाली थी, लेकिन वहां से इसे भेजने का आदेश नहीं मिलने पर यार्ड में खड़ी थी।

सूत्रों के अनुसार इतवारी रेलवे स्टेशन के यार्ड में मालगाड़ी की खड़ी अप एमडीएन स्पेशल 2211- 6669-36025 डब्ल्यू सीआर बोगी में रविवार को अचानक आग लग गई। बोगी में लदे कोयले में नीचे आग लगी थी। बताया जाता है कि गर्मी के कोयले की बोगियों में अक्सर आग लग जाती है। रविवार को बोगी से धुआं निकलने की सूचना मिलने पर आरपीएफ के थाना प्रभारी जी. गरकल के मार्गदर्शन में एएसआई ए. एम. खान, हवलदार अरविंद पी. टेंभुण्रेकर, प्रधान आरक्षक पी. के. गजभिये, आरक्षक प्रवीण कुमार घटनास्थल पर पहुंचे।

सूचना लकड़गंज फायर स्टेशन को दी गई। उसके बाद चिचघरे, लटी और नन्हें अपने सहयोगियों के साथ इतवारी रेलवे यार्ड में पहुंचे। उसके बाद आग पर काबू पाया गया। बोगी में लदा माल विशाखापट्टम से आया था। यह बोगी यार्ड में दो दिनों से खड़ी थी। बोगी में करीब 71 टन कोयला लदे होने की जानकारी घटनास्थल पर मौजूद रेलवे कर्मियों ने दी। उन्होंने बताया कि बोगी सिक अर्थात तकनीकी गड़बड़ी के कारण यार्ड में खड़ी की गई है। शेष बोगियां जा चुकी हैं। यह बोगी खापरखेड़ा में भेजने वाले थे, लेकिन वहां से आदेश नहीं आने के कारण इसे यार्ड में रखा गया था।