Indian Railways News => Topic started by railenquiry on Sep 01, 2012 - 21:00:48 PM


Title - इलाहाबादियों के लिए बेकार है इंटरसिटी
Posted by : railenquiry on Sep 01, 2012 - 21:00:48 PM

इलाहाबाद। रेल बजट में घोषित कानपुर-इलाहाबाद इंटरसिटी एक्सप्रेस पहली सितंबर से शुरू हो रही है। कानपुर में इसका उद्घाटन दिन में 11.45 बजे केंद्रीय मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल करेंगे। रविवार से यह ट्रेन नियमित हो जाएगी। फिलहाल, इलाहाबादी यात्रियों के लिए यह ट्रेन किसी काम की साबित होने नहीं जा रही है। इस ट्रेन से कानपुर और फतेहपुर से इलाहाबाद आने वाले लोगों को फायदा मिलेगा। सिराथू और भरवारी से ट्रेन पकड़ने वालों को भी राहत मिलेगी।
इंटरसिटी एक्सप्रेस कानपुर से सुबह 6.30 बजे छूटकर 9.35 बजे इलाहाबाद पहुंचेगी। वापसी में इलाहाबाद से शाम 6.30 बजे छूटकर रात 9.40 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचाएगी। रास्ते में औंग, बिंदकी रोड, फतेहपुर, खागा, सिराथू, भरवारी में भी रुकेगी। ट्रेन में यात्रियों के लिए सामान्य श्रेणी के 12 डिब्बे लगेंगे। इसमें लखनऊ इंटरसिटी की तरह एसी चेयरकार की सुविधा नहीं है। व्यापारी विजय अरोरा, हिमांशु खरबंदा, गुरुचरन अरोरा उर्फ चन्नी का कहना है कि इलाहाबाद से बड़ी संख्या में व्यापारी व्यवसाय के सिलसिले में रोजाना कानपुर जाते और लौटते हैं। सो, इस ट्रेन को इलाहाबाद से सुबह और कानपुर से शाम को चलाना चाहिए था। मौजूदा समय-सारिणी में इलाहाबादियों के लिए यह ट्रेन किसी काम की नहीं है। दूसरी ओर सीपीआरओ संदीप माथुर का कहना है कि सुबह के वक्त कानपुर से इलाहाबाद आने के लिए कोई ट्रेन नहीं है। वापसी में भी संगम एक्सप्रेस शाम 5.30 बजे छूटती है। जबकि, इंटरसिटी इसके एक घंटे बाद छूटेगी। इससे लोगों को ज्यादा कार्य निपटाने के मौके मिल जाएंगे। साथ ही इसके चलने से संगम एक्सप्रेस की भीड़ भी कम होगी।