| Indian Railways News => | Topic started by RailXpert on Aug 17, 2013 - 17:59:12 PM |
Title - इलाहाबाद जंक्शन के रिजर्वेशन काउंटर पर ई-नज़र -Posted by : RailXpert on Aug 17, 2013 - 17:59:12 PM |
|
|
इलाहाबाद। इलाहाबाद जंक्शन के रिजर्वेशन काउंटर पर दलालों और कर्मचारियों की मिलीभगत पर लगाम कसने के लिए ई-नज़र रखी जा रही है। काउंटर पर वेब-आधारित सीसीटीवी की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इससे डिवीजन में बैठे अफसर कार्यालय से ही रिजर्वेशन काउंटर पर निगाह रख सकते हैं। सूबेदारगंज मुख्यालय में झंडारोहण के बाद उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक आलोक जौहरी ने घोषणा की कि इलाहाबाद की तरह आगरा कैंट, ग्वालियर और कानपुर स्टेशनों पर भी जल्द ही एस्केलेटर की सुविधा उपलब्ध करा दी जाएगी। साथ ही इटावा-मैनपुरी रेल लाइन पर अगले वर्ष में ट्रेनें चालू कर दी जाएंगी। भिंड-इटावा और आगरा-फतेहाबाद-इटावा की नई लाइन के कार्य पूरे कर लिए जाने की संभावना है। बताया कि धौलपुर-सिरमथुरा रेल लाइन के आमान परिवर्तन और गंगापुर सिटी तक इसके विस्तार का कार्य प्रारंभ हो चुका है। महाप्रबंधक ने जोन की उपलब्धियों को गिनाने के साथ 17 रेल कर्मचारियों को उत्कृष्ट कार्य के लिए पुरस्कृत भी किया। समारोह में महाप्रबंधक आरपीएफ, भारत स्काउट एवं गाइड तथा सेंट जॉन एंबूलेंस ब्रिगेड की परेड की सलामी ली। सांस्कृतिक समारोह में टेंडर फीट स्कूल के बच्चों ने देश रंगीला-रंगीला गीत पर सामूहिक नृत्य किया। सांस्कृतिक टीम ने वंदेमातरम, रंग दे बसंती चोला, मन करता है इस धरती पर हम लें सतबार जनम गीत प्रस्तुत किया। आरपीएफ का डॉग शो भी सराहा गया। |