Indian Railways News => Topic started by Mafia on Sep 21, 2013 - 14:55:36 PM


Title - आसान नहीं तत्काल टिकट की मारामारी पर अंकुश
Posted by : Mafia on Sep 21, 2013 - 14:55:36 PM

प्रतापगढ़ : रेलवे जंक्शन के बाहर आरक्षण काउंटर पर तत्काल टिकट के लिए आए दिन मारामारी होती थी। इस पर अंकुश लगाए जाने के उद्देश्य से अब फार्म वितरण के लिए अलग काउंटर बना दिया गया है। वहां से फार्म बांटे जाने के बाद उसके बगल स्थित विंडो पर टिकट दिए जाने की व्यवस्था कर दी गई है। इससे कुछ हद तक बवाल कम हो गया है। हालांकि काउंटर पर अभी कर्मचारियों की संख्या काफी कम है। इससे दिक्कतें आ रही हैं।

रेलवे आरक्षण काउंटर पर तत्काल टिकट के लिए लोग रात से ही लाइन लगा दिया करते थे। सुबह टिकट बंटने के दौरान कई बार बवाल व मारपीट की घटनाएं हो रही थीं। जीआरपी और आरपीएफ भी टिकट वितरण के समय हलाकान होती थी। अब कुछ दिनों से तत्काल टिकट के लिए फार्म वितरण को अलग से काउंटर बना दिया गया है। वहां फार्म बांटने के बाद टिकट के लिए दूसरे काउंटर पर जाना होता है। जब से यह व्यवस्था हुई है तब से तत्काल टिकट के लिए मारामारी काफी कम हो गई है। उधर जुगाड़ से टिकट लेने वालों के कारण तत्काल टिकट में अभी भी आम लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। लोगों का मानना है कि पितृपक्ष शुरू होने के कारण भी टिकट लेने वालों की संख्या कम हुई है। बेल्हा से होकर चलने वाली गाड़ियों की संख्या तो बढ़ा दी गई है, लेकिन आरक्षण काउंटर पर कर्मचारियों की कमी बनी हुई है। प्रभारी समेत सात कर्मचारी आरक्षण काउंटर पर लगाए गए हैं। इनमें से तीन-तीन लोगों को बारी-बारी से ड्यूटी करनी पड़ती है। सीआरएस भाई लाल ने बताया कि कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने को लेकर रेल के उच्चाधिकारियों को पत्र भेजा गया है।

------

कर्मचारियों को रास नहीं आ रही अतिरिक्त ड्यूटी

प्रतापगढ़ : आरक्षण काउंटर पर टिकट वापसी के लिए दो घंटे का समय बढ़ा दिया गया है। यह कर्मचारियों को रास नहीं आ रहा है। यह व्यवस्था सिर्फ तीन जिलों में की गई है। प्रतापगढ़, सुलतानपुर व फैजाबाद। यहां 22 बजे तक काउंटर खोलकर टिकट वापस करने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि रायबरेली व अमेठी जैसे जिलों के साथ अन्य बड़े जनपदों में भी पुरानी व्यवस्था लागू है। पुरानी व्यवस्था में रात आठ बजे तक की ही ड्यूटी है। इसे लेकर कर्मचारियों में अंदर ही अंदर आक्रोश फैल रहा है।

------

डीआरएम के आने को लेकर हड़कंप

प्रतापगढ़ : रेलवे जंक्शन पर शुक्रवार को डीआरएम के आने की खबर तैरती रही। इसे लेकर रेल महकमे में हड़कंप रहा। रेल कर्मी अपने परिधान में दिखाई पड़ने लगे। सूत्रों के अनुसार डीआरएम जौनपुर के रास्ते भदोही पहुंचे और वहां से वाराणसी होकर वापस चले गए। एसएस केएन शर्मा ने बताया कि डीआरएम के आने की कोई सूचना अधिकृत रूप से नहीं आई है।