Indian Railways News => Topic started by nikhilndls on Jul 19, 2013 - 15:01:00 PM


Title - आरा में राजधानी एक्सप्रेस पर हमला
Posted by : nikhilndls on Jul 19, 2013 - 15:01:00 PM

पटना से दिल्ली जाने वाली राजधानी एक्सप्रेस पर आरा रेलवे स्टेशन के पास उत्तेजित लोगों ने पथराव किया और उसकी कई बोगियों के शीशे तोड़ दिये। आरा-सासाराम सवारी गाड़ी पर हमले के बाद ट्रेन का ड्राइवर भाग गया। पुलिस पर लोगों ने पथराव किये। इसमें आधा दर्जन आरपीएफ और जीआरपी के जवान घायल हो गये। उन्होंने करीब 40 राउंड फायरिंग की।

इस घटना की शुरुआत तब हुई जब दिल्ली से पटना आने वाली जन साधारण एक्सप्रेस से एक पटना सिटी का रहने वाला दीना नामक युवक ट्रेन से गिर गया। यह घटना के आरा के पश्चिमी रेलवे फाटक के पास हुई। कल उसी जगह पर एक यात्री के ट्रेन से गिरकर मौत हो गयी थी।


स्थानीय लोग आज शाम में ट्रेन से दीना के गिरने की घटना के बाद वहां जमा हो गये। वे इसके लिए रेल प्रशासन को जिम्मेदार ठहरा रहे थे। वहां आसपास के लोगों की भीड़ जुटती गयी। लोगों की तादाद बढऩे के बाद वे आरा रेलवे स्टेशन की ओर कूच कर गये। पश्चिमी रेलवे फाटक से स्टेशन की दूर मुश्किल से एक किलोमीटर होगी। उन्होंने स्टेशन पर पहुंचकर आरा-सासाराम सवारी गाड़ी को खुलने से रोक दिया।  यही नहीं, उन्होंने ट्रेन पर पत्थरबाजी  शुरू कर दी। लोगों के गुस्से को देखते हुए ट्रेन का ड्राइवर भाग गया। इसी बीच लोग स्टेशन पर उपद्रव मचाते रहे।


जीआरपी और आरपीएफ के जवानों ने गुस्साए लोगों को रोकने की कोशिश की। मगर उन्होंने सुरक्षाकर्मियों पर ही पथराव शुरू कर दिया। इसमें करीब आधा दर्जन जवान घायल हो गये। उन्हें इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल में दाखिल कराया गया है। इसी दौरान पटना से दिल्ली जाने वाली राजधानी एक्सप्रेस पर लोगों ने हमला कर दिया। काफी देर बाद जिला पुलिस बल के वहां पहुंचने के बाद मामला शांत हुआ और राजधानी एक्सप्रेस आगे बढ़ी।