Indian Railways News => Topic started by Mafia on Sep 04, 2013 - 02:57:15 AM


Title - आरक्षण टिकट न बनने पर यात्रियों ने किया हंगामा
Posted by : Mafia on Sep 04, 2013 - 02:57:15 AM

प्रतापगढ़। आरक्षण काउंटर पर बिजली न होने के कारण कंप्यूटर बंद हो गए। सुबह से लाइन में टिकट के लिए खड़े यात्रियों ने इस पर हंगामा मचाना शुरू कर दिया। खासतौर से तत्काल टिकटों के लिए लाइन में लगे तो ज्यादा परेशान दिखे। हालांकि एक घंटे बाद छोटा जनरेटर चलाकर सप्लाई चालू की गई तो यात्री शांत हुए।
सुबह साढ़े सात बजे आरक्षण काउंटर खुला तो सप्लाई नहीं आ रही थी। लिपिकों ने यूपीएस के माध्यम से कंप्यूटर चलाकर चार्ट निकाला। इसके थोड़ी ही देर बाद कंप्यूटर बंद हो गए। टिकट बनना न शुरू होने पर यात्रियों ने जानकारी चाही तो पता लगा बिजली नहीं है। इस पर तत्काल के लिए सुबह से लाइन में लगे यात्रियों ने हंगामा शुरू कर दिया। यात्रियों का कहना था कि काउंटर पर आए दिन इस तरह की समस्या आती रहती है। कभी लिंक फेल होता है तो कभी बिजली नहीं रहती है। यात्री घंटों होहल्ला मचाते रहे। इस पर आरपीएफ को सूचना दी गई। मौके पर सिपाही पहुंचे लेकिन उनका भी कोई असर नहीं पड़ा। नौ बजे रेलवे विद्युत विभाग ने छोटा जनरेटर लाकर आरक्षण और साधारण टिकट काउंटर को सप्लाई दी तो कंप्यूटर चालू हुए। टिकट बनना शुरू हुआ तो यात्री भी शांत हो गए।