Indian Railways News => Topic started by railgenie on Sep 02, 2012 - 18:01:24 PM


Title - आबकारी व कर विभाग को आज रेल अधिकारी सौंपेंगे रिकार्ड
Posted by : railgenie on Sep 02, 2012 - 18:01:24 PM

फिरोजपुर। आबकारी और कर विभाग के संयुक्त डायरेक्टर की रेल डिवीजन फिरोजपुर व अंबाला के रेल मंडल प्रबंधकों के साथ बैठक हुई। बताया गया है कि इसमें ट्रेन के माध्यम से आने वाले माल की टैक्स चोरी रोकने संबंधी विचार चर्चा की हुई। बैठक के बाद व्यापारियों में खलबली मच गई है। बठिंडा स्थित आबकारी व कर विभाग ने रेल डिवीजन फिरोजपुर के अधिकारियों से जनवरी से लेकर अगस्त माह तक पार्सल विभाग का रिकार्ड मांगा है। बताया जा रहा है कि वीरवार को कामर्शियल विभाग के अधिकारी रिकार्ड समेत बठिंडा में तलब होंगे।
सेल्स टैक्स विभाग ट्रेन के जरिए दिल्ली व अन्य जगहों से आ रहे माल की टैक्स चोरी रोकने के लिए रेलवे स्टेशन परिसर में बैरियर लगाने के लिए रेल प्रशासन से मांग कर रहा था, लेकिन रेल प्रशासन इसके लिए राजी नहीं हो रहा था। कुछ दिन पहले बठिंडा में अंबाला व फिरोजपुर के डीआरएम की सेल्स टैक्स के संयुक्त डायरेक्टर वाईके माटा के साथ हुई बैठक के बाद रेल अधिकारी उक्त विभाग को सहयोग देने के लिए तैयार हो गए। बैठक में हुए फैसले के बाद ही 23 अगस्त को दिल्ली से फिरोजपुर पहुंची जनता एक्सप्रेस ट्रेन में फिरोजपुर सेल्स टैक्स के सहायक कमिश्नर परविंदर कुमार ने छापामारी कर बिना बिल के आए 106 नग पकड़े थे। इससे व्यापारियों में हड़कंप मच गया था। अब रेलवे के पार्सल विभाग से जनवरी से लेकर अगस्त माह तक का दूरदराज से आया व्यापारियों के माल का रिकार्ड मांगा है। उधर, कामर्शियल विभाग के अधिकारी तरलोक सिंह ने कहा कि वीरवार को उक्त विभाग को पार्सल का रिकार्ड भेज दिया जाएगा।