Indian Railways News => Topic started by railenquiry on Aug 09, 2013 - 11:59:32 AM


Title - आठ घंटे बाधित रहा हावड़ा-दिल्ली रेलमार्ग
Posted by : railenquiry on Aug 09, 2013 - 11:59:32 AM

इलाहाबाद : उत्तर मध्य रेलवे के गैपुरा स्टेशन के निकट ओएचई (ओवरहेड इलेक्ट्रिक उपकरण) टूटने से दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग आठ घंटे बाधित रहा। इसके चलते सात ट्रेनों को डाइवर्ट कर चलाया गया जबकि कई ट्रेनें विभिन्न स्टेशनों पर खड़ी रहीं।

इलाहाबाद-मुगलसराय के बीच डाउन लाइन पर गैपुरा रेलवे स्टेशन के निकट महानंदा एक्सप्रेस के चालक ने मंगलवार की रात आठ बजे ओएचई टूटने की सूचना कंट्रोल रूम को दी, जिसको ठीक करने के लिए इलाहाबाद से टॉवर वैगन भेजा गया। खराबी दूर करने और डाउन लाइन ट्रैक खाली करते भोर के चार बज गए। इस बीच दर्जनों यात्री और गुड्स ट्रेनें राह में फंसी रहीं। ट्रैक क्लीयर होने के बाद ट्रेनों का संचालन शुरू हुआ। आठ घंटे संचालन ठप रहने का असर बुधवार दोपहर तक रहा। दिल्ली से आने वाली ट्रेनें भी विलंब से आई। कानपुर से संपूर्ण क्रांति, सियालदह दूरंतो, जनसाधरण को लखनऊ-वाराणसी रेलमार्ग एवं दिल्ली-हावड़ा दूरंतो, गुवाहाटी राजधानी, पूना-पटना व महाबोधी एक्सप्रेस को इलाहाबाद सिटी-वाराणसी मार्ग से चलाया गया। आनंद विहार-हलदिया, सियालदह राजधानी, कोलकाता राजधानी, पटना राजधानी, मगध, राजेंद्र नगर एक्सप्रेस, पुरुषोत्तम, अजीमाबाद एक्सप्रेस, पूना-पटना, तूफान, जयनगर गरीब रथ, एलटीटी-राजेंद्र नगर, संघमित्रा, भागलपुर एक्सप्रेस, कोलकाता मेल, पूर्वा समेत कई ट्रेनें विलंबित रहीं।