Indian Railways News => Topic started by puneetmafia on Jul 21, 2013 - 21:00:28 PM


Title - अस्त-व्यस्त, नागपुर-वर्धा के बजाय नागपुर-इटारसी से चल रहीं हावड़ा-मुंबई रूट की ट्रेनें
Posted by : puneetmafia on Jul 21, 2013 - 21:00:28 PM

बिलासपुर. महाराष्ट्र में बारिश से रेल यातायात प्रभावित हुआ है। नागपुर के पास रेलवे का ट्रैक बह गया है। हावड़ा-मुंबई रूट की तमाम ट्रेनें परिवर्तित मार्ग से चलाई जा रही हैं। ट्रेनें नागपुर से वर्धा के बजाय इटारसी होते हुए भुसावल पहुंच रही हैं। परिवर्तन के चलते हरेक ट्रेन को 212 किलोमीटर की दूरी अतिरिक्त तय करनी पड़ रही है। इसके चलते ट्रेनें 4 से 5 घंटे विलंब से आ-जा रही हैं।


महाराष्ट्र में दो दिनों से भारी बारिश हो रही है। इससे महाराष्ट्र में बाढ़ की स्थिति है। इसका असर रेल यातायात पर भी पड़ा है। नागपुर-वर्धा सेक्शन के सिंधी और तुलजापुर स्टेशन के बीच की पटरियां पानी में डूब गई हैं। नतीजतन इस मार्ग पर 19 जुलाई की देर रात से रेल सेवा ठप हो गई है। यही कारण है कि हावड़ा-मुंबई-हावड़ा रूट की ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाया जा रहा है।

मुंबई, पुणे से आने वाली ट्रेनें भुसावल से मलकापुर आने के बजाय इटारसी रूट पर चल रही हैं। इसी तरह हावड़ा से मुंबई, पुणे जाने वाली ट्रेनों को नागपुर से वर्धा के बजाय इटारसी रूट पर रवाना किया गया। नागपुर से व्हाया इटारसी होते हुए भुसावल जाने पर ट्रेनों को नागपुर से भुसावल के लिए 605 किलोमीटर का सफर तय करना पड़ रहा है, जबकि नागपुर से वर्धा के रास्ते भुसावल की दूरी 393 किलोमीटर है। इस तरह हर ट्रेन को अतिरिक्त तय करनी पड़ रही है। दूरी बढऩे के कारण ट्रेनें 4 से 5 घंटे विलंब से चल रही हैं।


16 स्टेशनों के यात्री हुए परेशान: रेलवे टै्रक पर पानी भरने के कारण हावड़ा-मुंबई रूट के 16 रेलवे स्टेशनों के यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। नागपुर के आगे वर्धा, वडनेरा, अकोला, शेगांव, मलकापुर सहित 16 स्टेशन ऐसे हैं, जिन्हें 20 जुलाई को हावड़ा-मुंबई-हावड़ा रूट पर चलने वाली एक्सप्रेस के अलावा पैसेंजर ट्रेनों की भी सुविधा नहीं मिली।
आज नागपुर नहीं जाएगी त्रिवेंद्रम एक्सप्रेस: ट्रैक में पानी भरे होने के कारण 20 जुलाई को कोरबा से त्रिवेंद्रम जाने वाली एक्सप्रेस भी परिवर्तित मार्ग से चलेगी। यह ट्रेन नागपुर जाने के बजाय गोंदिया से बल्लारशाह के लिए जाएगी।
यह ट्रेन इसी रास्ते अपनी मंजिल पर पहुंचेगी।


रूट सामान्य होने में 4 दिन लगेंगे

नागपुर डिवीजन के सिंधी से तुलजापुर सेक्शन में पानी ने रेलवे ट्रैक को भारी नुकसान पहुंचाया है। 400 मीटर लंबी पटरी पानी में बह गई है। लगातार बारिश के चलते प्रभावित सेक्शन में पानी अभी भी जमा है, जिसके कारण सुधार कार्य में बाधा आ रही है। रेलवे के जानकार बताते हैं कि पटरी को सुधारने में कम से कम 4 दिनों का समय लगेगा। अगले दो दिनों में सिंगल लाइन को तैयार करने की कोशिश होगी।

इसके बाद दूसरी लाइन तैयार की जाएगी। इस तरह प्रभावित सेक्शन पर रेल यातायात बहाल करने में दो से तीन दिनों का समय लगेगा। ऐसे में घंटों लेट होकर चल रही ट्रेनों को सामान्य होने में कम से कम एक हफ्ते का समय लगेगा।
इन ट्रेनों का रास्ता बदला: गीतांजलि, कुर्ला, मेल, आजाद हिंद, हापा, हटिया-पुणे, शालीमार, समरसता व अहमदाबाद