Indian Railways News => Topic started by RailXpert on Sep 10, 2012 - 20:00:20 PM


Title - अमरकंटक एक्सप्रेस में सोने की तस्करी - www.bhaskar.com
Posted by : RailXpert on Sep 10, 2012 - 20:00:20 PM

बिलासपुर. अमरकंटक एक्सप्रेस में सोने की तस्करी का मामला पकड़ा गया है, लेकिन जीआरपी की जांच के तरीके ने इस मामले को संदेह के घेरे में ला दिया है। इसका खुलासा उस समय हुआ, जब तस्कर का सोने से भरा सूटकेस अमरकंटक एक्सप्रेस से पार हो गया। जीआरपी, तस्कर के साथ चोर की तलाश में जुटी है, जबकि थाने में मामला ही दर्ज नहीं हुआ है।

मिनोचा कालोनी में रहने वाला एक व्यक्ति ट्रेनों के सहारे लंबे समय से सोने की तस्करी कर रहा है। इसके तार जबलपुर, दिल्ली से लेकर कोलकाता तक जुड़े हैं। 2 सितंबर को यह व्यक्ति अमरकंटक एक्सप्रेस के एसी टू टायर में बिलासपुर से जबलपुर के लिए सफर कर रहा था। सूटकेस सोने से भरा था, जिसे उसने अपनी बर्थ के नीचे चेन से बांध रखा था। ट्रेन अनूपपुर पहुंची तो तस्कर ने अपना सूटकेस गायब पाया। उसने पेंड्रा स्टेशन तक सूटकेस को सुरक्षित देखा था। उसने वापस आकर मामले की जानकारी जीआरपी को दी।

जीआरपी ने मामला कायम तो नहीं किया, लेकिन छानबीन शुरू हो गई। 3 सितंबर को जीआरपी पीड़ित व्यक्ति के साथ उत्कल एक्सप्रेस से मौके के लिए रवाना हो गई। जीआरपी घटना के दिन से छानबीन कर रही है, लेकिन अब तक न तो मामला दर्ज हुआ है और न ही मामले की जानकारी सार्वजनिक की जा रही है। सूत्र बताते हैं कि सूटकेस में रखे सोने की कीमत करीब 25 लाख रुपए थी। सोना दो नंबर का था, जिसके चलते मामले की जांच चोरी-छिपे की जा रही है।

पीड़ित की जान को खतरा

जीआरपी थाना प्रभारी केसी डे अवकाश पर चल रहे हैं, उनके स्थान पर थाने का प्रभार एएसआई अनूप साहू के पास है। उन्होंने दैनिक भास्कर को बताया कि पीड़ित ने अपना नाम सार्वजनिक करने से मना किया है, क्योंकि उसकी जान को खतरा हो सकता है। सोने से भरा सूटकेस पार होने के सवाल पर उन्होंने बताया कि चोरी की घटना अनूपपुर में घटी है, इसलिए जीआरपी मामला कायम नहीं कर रही है। यह पूछने पर कि जब चोरी कार्यक्षेत्र से बाहर हुई है तो बिलासपुर जीआरपी छानबीन क्यों कर रही है, उन्होंने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।