Indian Railways News => Topic started by riteshexpert on Jul 27, 2013 - 17:59:47 PM


Title - अब घर बैठे केबल टीवी पर मिलेगी ट्रेनों की ताज़ा जानकारी
Posted by : riteshexpert on Jul 27, 2013 - 17:59:47 PM

ट्रेनों की अपडेट जानकारी के लिए राजधानी के लोगों को स्टेशन के इंक्वायरी काउंटर पर जूझने की जरूरत नहीं होगी। घर में टीवी पर ही उनको सभी ट्रेनों की पूरी स्थिति का पता चल जाएगा। इसके लिए रायपुर रेल मंडल के वाणिज्य विभाग की ओर से पहल की जा रही है।
रायपुर स्टेशन के विभिन्न प्लेटफार्मों पर ट्रेनों की ताजा जानकारी के लिए 21 एलसीडी लगाए गए हैं। इस एलसीडी पर ट्रेनों की समय-सारणी को सीधे शहर के केबल से जोड़ने की कोशिश की जा रही है। बिलासपुर और नागपुर में यह प्रयोग काफी सफल रहा है। कोशिश की जा रही है कि दो महीने के अंदर यह सुविधा रायपुर में भी शुरू कर दी जाए।
केबल से हजारों घरों के टीवी सेट जुड़े हुए हैं। ऐसे में शहर के लोगों के लिए रेलवे की इस नई सुविधा से विशेष फायदा होगा। रेलवे के इंक्वायरी सिस्टम पर दबाव भी कम होगा। ट्रेनों की रनिंग स्थिति बताने इंटरनेट व एसएमएस सिस्टम रेलवे पहले से ही चला रहा है। एसएमएस के लिए प्रति मैसेज 3 रुपए खर्च करने होते हैं। केबल के माध्यम से टीवी पर सीधे और सरल तरीके से ट्रेनों की जानकारी लोगों को मिलने लगेगी।