Indian Railways News => Topic started by eabhi200k on Jul 26, 2012 - 15:19:57 PM


Title - अधिकारियों के जाते ही रेलवे स्टेशन रोड पर फिर कब्जे 9506411
Posted by : eabhi200k on Jul 26, 2012 - 15:19:57 PM

शुक्लागंज, संवाददाता : मंगलवार शाम को गंगाघाट रेलवे स्टेशन पर औचक निरीक्षण करने पहुंचे डीआरएम जगदीप राय के जाते ही उनके आदेशों को ठेंगा दिखाकर रेलवे स्टेशन रोड पर रिक्शा कंपनियों के दबंग संचालकों और अवैध दुकानदारों ने फिर से अवैध कब्जे कर लिये है। जिसके कारण रेलवे स्टेशन पहुंचने वाले रेल यात्रियों को घोर दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रिक्शा कंपनी संचालकों की इस मनमानी से जहां आम रेलयात्रियों में नाराजगी है वहीं दूसरी ओर रेलवे विभाग इस बात से पूरी तरह से अनजान बना हुआ है।

बता दें कि रेलवे के डीआरएम का जब-जब गंगाघाट रेलवे स्टेशन पर दौरा हुआ तब तब तो इन संचालकों ने कुछ देर के लिये अपने कब्जों को स्टेशन रोड से हटा लिया लेकिन उनके जाते ही फिर से काबिज हो गये। ऐसा कोई पहली बार नही हुआ है बल्कि ऐसा ही हर बार हुआ है। बता दें कि इस बावत पत्रकारों ने श्री राय से गंगा पुल के निरीक्षण के समय रूबरू होते हुए कहा था कि आपके जाते ही पुन: स्टेशन रोड पर रिक्शा कंपनियों से लेकर वह सारी दुकानें फिर से सज जाएंगी जिन्हें आप के आने की सूचना पर तत्काल हटवा दिया गया था। मालूम चले कि इस सवाल के जवाब पर श्री राय ने पत्रकारों से मंगलवार को ही कहा था कि अब वह स्टेशन रोड पर अवैध कब्जे नही होने देंगे इसके लिए वह यहां पर आरपीएफ के जवान तैनात कर देंगे ताकि कोई भी अंवैध अतिक्रमण न करने पाए।

वहीं दूसरी ओर अगर रेलवे के भरोसेमंद सूत्रों की मानें तो अवैध अतिक्रमणकारियों की रेलवे विभाग के लोगों से सीधी सांठ गांठ रहती है। जिसके चलते किसी भी बड़े अधिकारी के यहां आने की सूचना वह लोग पहले से ही दे देते है। अधिकारियों के वापस चले जाने पर यही लोग उन्हें काबिज होने की हरी झंडी दे देते है। रेलवे पुलिस इस ओर कतई ध्यान नही दे रही है। हालांकि कई बार पूर्व में स्टेशन रोड के अतिक्रमण को ध्वस्त कराया जा चुका है। लेकिन इसके बाबजूद भी अतिक्रमण करने वालों पर जरा भी असर नही हुआ। आज भी स्टेशन रोड पर इन अवैध कब्जों को किसी भी समय जा कर देखा जा सकता है।