Indian Railways News => Topic started by RailXpert on Aug 08, 2013 - 00:00:53 AM


Title - Railway Track Train Scratched Bike Rider Injured Hospital Bilaspur News - ट्रेन से पहले निकलने की थी
Posted by : RailXpert on Aug 08, 2013 - 00:00:53 AM

बिलासपुर। लोग चंद मिनट बचाने के लिए किस तरह जिंदगी से खिलवाड़ करते हैं, इसका नमूना उसलापुर रोड ओवरब्रिज के नीचे देखने को मिला। यहां फाटक बंद किया जा चुका है। इसके बाद भी दो बाइक सवार रोड ओवरब्रिज के बजाय बंद फाटक के स्थान से रेल लाइन पार करने लगे। बाइक ट्रेन की चपेट में आई और चकनाचूर हो गई। दोनों बाइक सवार भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जो जिंदगी और मौत के बीच झूल रहे हैं।
घटना सोमवार की दोपहर की है। तालापारा निवासी अख्तर खान (22) अपने साथी पवन मेश्राम के साथ उसलापुर गया था। वह उसलापुर स्टेशन से लौटते समय बाइक को बंद फाटक वाले स्थान से उस पार (सकरी की ओर) ले जाने लगा। वहां मौजूद लोगों ने दोनों को समझाइश दी कि ट्रेन आ रही है, रिस्क मत लो रोड ओवरब्रिज से उस पार पहुंच जाओ। दोनों ने लोगों की एक न सूनी। फाटक बंद करने के लिए लगाए गए पोल के बीच से बाइक को पटरी तक ले गए। इधर डाउन लाइन पर दुर्ग-नौतनवा (18202) गोरखपुर एक्सप्रेस धड़धड़ाते आ रही थी। ड्राइवर ने लगातार हार्न बजाया कि बाइक सवार पटरी से बाहर हो जाएं। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि बाइक सवार नशे में लग रहे थे, जिसके कारण उन्होंने ट्रेन के हार्न को भी अनसुना कर दिया। आखिरकार बाइक ट्रेन की चपेट में आ गई। बाइक 50 मीटर तक घिसटते हुए गई, जिससे चकनाचूर हो गई। दोनों बाइक सवार भी ट्रेन की चपेट में आए। अख्तर खान के दोनों पैर फैक्चर हो गए, वहीं शरीर के दूसरे हिस्से में भी गंभीर चोट आई। इसी तरह पवन भी गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों को उपचार के लिए सिम्स में भर्ती कराया गया है। इधर आरपीएफ ने चकनाचूर बाइक क्रमांक सीजी 10 एफबी 5280 को जब्त कर लिया है, वहीं बाइक सवारों के खिलाफ रेलवे की धारा 154 एवं 174 के तहत अपराध दर्ज किया है।