Indian Railways News => Topic started by messanger on May 25, 2012 - 03:00:23 AM


Title - PHOTOS : ख्वाजा के उर्स पर पहुंचा पाक के 462 जायरीन का दल
Posted by : messanger on May 25, 2012 - 03:00:23 AM

अजमेर.उर्स में शिरकत करने के लिए पाक के 462 सदस्यों का दल बुधवार तड़के अजमेर पहुंचा। दल का नेतृत्व सैयद अमीनुद्दीन कर रहे हैं। पाक जायरीन की ट्रेन तड़के 5 बजे अजमेर रेलवे स्टेशन पहुंची। इस दौरान रेलवे व खुफिया प्रबंधन ने रेलवे प्लेटफार्म नंबर एक पूरी तरह खाली करा लिया था। विशेष ट्रेन के प्लेटफार्म नंबर एक पर पहुंचते ही एक-एक कर सभी पाक जायरीन को डोरफ्रेम मैटल डिटेक्टर से गुजारा गया। सभी जायरीन के पासपोर्ट व अन्य दस्तावेज की गहनता से जांच की गई। ट्रेन से उतरते ही कुछ जायरीन ने दुआ के लिए हाथ उठाए। कुछ जायरीन भावुक हो गए।

नींद से बोझिल, सामान उठाए बाहर निकले
पूरी रात ट्रेन का सफर करने और अलसुबह ही अजमेर उतरने पर अनेक जायरीन नींद से बोझिल नजर आए। खुफिया विभाग की गहन जांच के बाद जायरीन अपना लगेज लिए रेलवे स्टेशन से बाहर निकले।

प्राइवेट बसों से भेजा स्कूल
पाकिस्तान से आए सभी जायरीन को प्रशासन ने प्राइवेट बसों से पुरानी मंडी स्थित सेंट्रल गर्ल्स स्कूल भेजा। सभी बसों में भी एक-एक खुफिया कर्मियों को साथ भेजा गया।

इस बार सेहरा भी नहीं खुला
हर साल पाकिस्तान से आने वाले जायरीन अपने साथ सेहरा लेकर आते हैं। रेलवे स्टेशन पर उतरते ही इसे खोल दिया जाता है, लेकिन इस बार सेहरा खोला नहीं किया। ताबूतनुमा बड़े बक्से में ही सेहरा बंद रहा। पाकिस्तान जायरीन गरीब नवाज की दरगाह पर पेश करने के लिए ताज भी लेकर आए हैं।

1 जायरीन कम!
दल के उपनेता मलिक मोहम्मद नाजिर सबसे अंत में रेलवे प्लेटफार्म पर उतरे। वे खुफिया अधिकारियों से चर्चा करते नजर आए, कि दिल्ली से 463 जायरीन रवाना हुए, फिर एक जायरीन कैसे कम हुआ। बाद में तय हुआ कि सेंट्रल गल्र्स स्कूल पर सभी जायरीन की टोकन के हिसाब से गिनती की जाएगी। सूत्रों के अुनसार इस मामले की गहनता से जांच की गई तो खुलासा हुआ कि पासपोर्ट की गिनती में गलती हो गई थी। एक पासपोर्ट को दो बार गिन लिया गया था, इससे इनकी गिनती 463 हो रही थी। इस आधार पर रेलवे ट्रेन के 463 टिकट भी बने थे, लेकिन बाद में पता चला कि अटारी से 462 जायरीन ही चले थे। अजमेर में भी 462 जायरीन ही पहुंचे।