Indian Railways News => Topic started by puneetmafia on Jul 26, 2013 - 19:59:31 PM


Title - In Spain train accident the police will inquiry with train driver 10596100
Posted by : puneetmafia on Jul 26, 2013 - 19:59:31 PM

स्पेन में गुरुवार को हुए यूरोप के सबसे भीषण ट्रेन हादसे में घायल ड्राइवर से पूछताछ होगी। इस हादसे में 80 लोगों की मौत हो गई थी जबकि 95 यात्री घायल हो गए थे।
हादसे की जांच कर रहे सैंटियागो डी कंपोस्टेला के जज ने पुलिस को ट्रेन के 52 वर्षीय ड्राइवर फ्रांसिस्को जोस गार्जन से पूछताछ का आदेश दिया है। हालांकि उसे अभी तक गिरफ्तार नहीं किया गया है, लेकिन पुलिस की सुरक्षा में वह अस्पताल में भर्ती है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ट्रेन इतनी अधिक गति से क्यों दौड़ रही थी और उसमें लगे सुरक्षा उपकरण निर्धारित गति सीमा को क्यों नियंत्रित नहीं कर सके?
स्पेन के किंग जुआन कार्लोस और क्वीन सोफिया घायलों को देखने अस्पताल पहुंचीं। किंग ने कहा कि इस दुख की घड़ी में स्पेनवासियों को एकजुट होने की जरूरत है। प्रधानमंत्री मारियानो रेजॉय ने देश में तीन दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है। साथ ही सैंटियागो में आयोजित ईसाई उत्सव को भी निरस्त कर दिया गया है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, गुरुवार की रात हादसे के वक्त ट्रेन 190 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से दौड़ रही थी, जबकि अधिकतम गति 80 किमी प्रतिघंटा निर्धारित थी। यह घटना उस समय हुई जब ट्रेन गैलिसिया प्रांत की राजधानी सैंटियागो डी कंपोस्टेला स्टेशन में प्रवेश करने वाली थी। तभी डिब्बे पटरी से उतरकर एक-दूसरे पर चढ़ गए और कंक्रीट की दीवार से टकरा गए। ट्रेन में 247 यात्री और पांच रेलकर्मी सवार थे। ट्रेन में सवार लोग यूरोप का सबसे बड़ा ईसाई उत्सव मनाने के लिए सैंटियागो जा रहे थे। हादसे में अमेरिका और मैक्सिको के एक-एक नागरिक की मौत हुई है जबकि 13 शवों की शिनाख्त शुक्रवार तक नहीं हो पाई थी।