Indian Railways News => Topic started by riteshexpert on Jul 10, 2013 - 03:00:51 AM


Title - सीबीआइ ने रिश्वत लेते पकड़े रेलवे अधिकारी
Posted by : riteshexpert on Jul 10, 2013 - 03:00:51 AM

रेलवे के आरक्षण केंद्र में एजेंटों और बुकिंग क्लर्को के बीच सांठगांठ का भंडाफोड़ करते हुए सीबीआइ ने रेलवे के चीफ गुड्स सुपरवाइजर, हेड क्लर्क व क्लर्क को एक व्यापारी से बीस हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों दबोच लिया। भ्रष्टाचार के इस पूरे खेल की तह तक पहुंचने के लिए सीबीआइ की टीम सोमवार देर रात तक गुड्स यार्ड का रिकॉर्ड खंगाली रही।
कश्मीर के पांपोर इलाके में लोहा व्यापारी मुश्ताक अहमद ने चार जुलाई को मध्य प्रदेश के भिलाई शहर से लोहे का सामान मंगवाया था। कानून के तहत मुश्ताक को यह सामान जम्मू पहुंचने के 24 घंटे के भीतर उठाना था, लेकिन व्यस्तता के चलते वह ऐसा नहीं कर पाया। सोमवार को जब वह रेलवे के गुड्स यार्ड में सामान लेने पहुंचा तो वहां तैनात चीफ गुड्स सुपरवाइजर तरसेम लाल, हेड क्लर्क तिलक राज तथा क्लर्क कमलेश सिंह ने उससे 2,24,250 रुपये डेमरेज यानि जुर्माना चुकाने को कहा। रेलवे अधिकारियों ने उसे पेशकश की वे रेलवे के रिकॉर्ड में उसका डेमरेज 1,89,250 रुपये बता देंगे, जिससे उसे 45 हजार रुपये बच जाएंगे। व्यापारी के 45 हजार रुपये बचाने के एवज में रेलवे अधिकारियों ने उसे बीस हजार रुपये रिश्वत देने को कहा। इस पर मुश्ताक ने सीबीआइ अधिकारियों से संपर्क किया और पूरी जानकारी दी। डीएसपी सीबीआइ राधे श्याम की देखरेख में इंस्पेक्टर दीदार सिंह तथा इंस्पेक्टर बीबी शर्मा ने जाल बिछाकर रेलवे अधिकारियों को व्यापारी से बीस हजार रुपये रिश्वत लेते हिरासत में ले लिया। गुड्स गोदाम के रिकार्ड तथा मामले से जुड़े सभी दस्तावेजों भी जब्त कर लिए गए हैं।