Indian Railways News => Topic started by railgenie on Sep 22, 2012 - 09:00:31 AM


Title - रेलवे ओवरब्रिज निर्माण का मामला गर्माया
Posted by : railgenie on Sep 22, 2012 - 09:00:31 AM

सोनीपत :शहर के गोहाना रोड फाटक पर निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज के डिजायन में बदलाव की मांग का मामला लगातार गर्माता जा रहा है। डिजायन में बदलाव की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठी रेलवे ओवरब्रिज सुधार एवं शीघ्र निर्माण समिति के साथ ही अन्य संगठन भी डिजायन में बदलाव की मांग करने लगे हैं। बीएसएनएल की ओर से पहले ही चिंता जताई जा चुकी है।रेलवे ओवरब्रिज सुधार एवं शीघ्र निर्माण समिति ने चार दिन पहले ही ओवरब्रिज के डिजायन में बदलाव की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। समिति मांग कर रही है कि रिटेनिंग वाल की जगह फ्लाईओवर का निर्माण अधिक से अधिक पिलरों के सहारे किया जाना चाहिए। साथ ही निर्माण कार्य में तेजी लाई जानी चाहिए। समिति के प्रधान रविंद्र जठेड़ी ने कहा कि रिटेनिंग वाल के निर्माण से दुकानदारों को काफी दिक्कत होगी। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य को बहुत धीमी गति से किया जा रहा है। करीब नौ माह के समय में पांच फीसदी के करीब ही कार्य पूरा हो सका है। उन्होंने बताया कि विभिन्न संगठनों ने उनकी मांगों को लेकर अपना समर्थन दिया है। साई जन सेवा समिति के अध्यक्ष सतपाल अहलावत व हरियाणा गरीब पिछड़ा वर्ग के अध्यक्ष सुनील बैरागी ने कहा कि तत्काल प्रभाव से डिजायन में बदलाव किया जाए।

विभिन्न संगठनों ने शुरू किया विरोध

रेलवे ओवर ब्रिज के डिजायन में बदलाव को लेकर एकजुट हुए संगठन

-रेलवे ओवरब्रिज संघर्ष समिति, सोनीपत।

-गोहाना रोड मार्केट एसोसिएशन।

-सिविल सोसायटी, सोनीपत।

क्षेत्र में कई शिक्षण संस्थान व महत्वपूर्ण स्थानों के भवन

रेलवे ओवरब्रिज संघर्ष समिति के प्रधान नरेंद्र मलिक सहित दूसरे आंदोलनकारियों का कहना है कि गोहाना रोड पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर से विभिन्न शिक्षण संस्थानों में जाने वाले विद्यार्थियों को दिक्कत हो होगी। मार्ग पर हिंदू कालेज, अनाज मंडी, काठमंडी, जाट शिक्षण संस्था व स्टेट बैंक आफ इंडिया की मुख्य शाखा है। वहीं रेलवे स्टेशन की तरफ जाने का रास्ता भी है, जोकि मौजूदा डिजायन से प्रभावित होगा।

ये हैं मुख्य मांग

आंदोलनकारियों का कहना है कि फ्लाईओवर का निर्माण कार्य अधिक से अधिक पिलरों पर हो। जिससे यहां से आवागमन बना रहे। साथ ही रोहतक रोड से गोहाना रोड की तरफ पुल से सीधा रास्ता बनाया जाना चाहिए।

बीएसएनएल ने भी उठाई आवाज

ओवरब्रिज के डिजायन को लेकर बीएसएनएल की ओर से पहले ही आवाज उठाई गई है। बीएसएनल अधिकारियों ने इसके लिए संबंधित विभाग को पत्र लिखकर डिजायन में बदलाव की मांग की है। बीएसएनएल अधिकारियों का कहना था कि इसके निर्माण से बीएसएनएल में आने वाले लोग अपने वाहन नहीं ला सकेंगे। साथ ही आगजनी जैसी अनहोनी घटना होने की स्थिति में अग्निशमन की गाड़ी के बीएसएनएल तक पहुंचने का कोई रास्ता नहीं बचेगा।

क्या कहती हैं विधायक

भाजपा विधायक कविता जैन ने निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज से दुकानदारों को हो रही परेशानी के मद्देनजर भी अधिकारियों को समस्या का समाधान करने के लिए आग्रह किया है। उन्होंने रेलवे ओवरब्रिज के नीचे से रेलवे स्टेशन की तरफ रास्ता देने की माग भी की है, क्योंकि लाइन पार इलाके से आने वाले दैनिक रेलयात्रियों के लिए रेलवे टिकट खरीदने के लिए केवल एक यही रास्ता बनता है।