Indian Railways News => Topic started by railgenie on Sep 12, 2012 - 03:00:07 AM


Title - रेल पटरी टूटने से ट्रेनों का परिचालन बाधित
Posted by : railgenie on Sep 12, 2012 - 03:00:07 AM

-जाप्र, तालझारी (साहिबगंज) : साहिबगंज-बरहड़वा रेलखंड पर मंगलवार को तालझारी पूर्वी फाटक के समीप रेल पटरी टूटने से ट्रेनों का परिचालन घंटों बाधित रहा। यद्यपि, रेल कर्मियों की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। इस कारण यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।

जानकारी के मुताबिक सुबह 1:54 बजे अप से साहिबगंज की ओर एक मालगाड़ी जा रही थी। इसी दौरान मालगाड़ी के स्टेशन पर पैनल में लाल बत्ती जल गई, जो रेल पटरी में खतरे का संकेत देती है। इस पर स्टेशन मास्टर मो. बशीर ने अपनी सूझबूझ से गेट मेन मंटू प्रसाद को इस बात की सूचना दी। कुछ ही देर बाद गेट मेन ने फाटक के पास रेल लाइन टूटे होने की जानकारी दी। संभावना है कि मालगाड़ी पार करने के दौरान ही रेल पटरी टूटी है। इसकी सूचना स्टेशन मास्टर ने कंट्रोल रूम को दी। वहां से सुबह 5:30 बजे ब्रहमपुत्र मेल से पीडब्ल्यू के स्टाफ जैतन्य विश्वास अपने साथियों के साथ आए और रेल पटरी को दुरुस्त किया। तब जाकर 6:38 बजे रेल परिचालन सामान्य हुआ।

रेल परिचालन बाधित होने से अप की ओर से आने वाली सियालदह-वाराणसी एक्सप्रेस को कल्याणचक में रोकना पड़ा। यह ट्रेन तीन घंटे विलंब से चली। ब्रह्मपुत्र मेल को तालझारी आउटर सिंगनल के पास एक घंटे तक रोका गया। वहीं डाउन की ओर से आने वाली साहिबगंज-ब‌र्द्धमान पैसेंजर को करणपुरातो में एक घंटे तक रोकना पड़ा।