Indian Railways News => Topic started by messanger on Sep 02, 2012 - 18:00:50 PM


Title - स्टेशन की सुरक्षा पर सवाल
Posted by : messanger on Sep 02, 2012 - 18:00:50 PM

अंबाला। अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन पर अवैध वेंडर इन दिनों अति संवेदनशील रेलवे स्टेशन की सुरक्षा पर एक बड़ा सवाल बने हुए हैं। ये अवैध वेंडर स्टेशन पर धड़ल्ले से अपने काम को अंजाम दे रहे हैं। इस गंभीर समस्या पर संज्ञान लेते हुए आरपीएफ ने एक व्यापक अभियान छेड़ा हुआ है। इसके चलते इस माह 150 वेंडर गिरफ्तार कर लिए गए हैं। ये अभियान जारी है। अति संवदेनशील स्टेशनों में से एक अंबाला छावनी स्टेशन असामाजिक तत्वों के निशाने पर रहता है। यहां स्टेशन पर अवैध वेंडर भी स्टेशन की सुरक्षा पर सवालिया निशान लगा रहे हैं। इन वेंडरों की कोई सूचना रेलवे पुलिस को नहीं होती। ये अवैध वेंडर प्लेटफार्मों पर सवारी ट्रेनों के भीतर भी खाद्य व पेय पदार्थ बेचने घुस जाते हैं। ऐसे में ये लोग ट्रेन में यदि किसी भी अप्रिय घटना को अंजाम दे दें, तो इन्हें ढूंढना बेहद मुश्किल हो जाता है।

इंस्पेक्टर को घोंपा था सूआ स्टेशन पर अवैध वेंडरों के चलते कई मामले सामने आ चुके हैं। जिसमें सबसे बड़ा मामला आरपीएफ इंस्पेक्टर पर अवैध वेंडर द्वारा कातिलाना हमला करना था। इस इंस्पेक्टर ने भी अवैध वेंडरों के खिलाफ मुहिम छेड़ी हुई थी और इसी के चलते एक वेंडर से उस इंस्पेक्टर की झड़प हो गई थी। इसके बाद वेंडर ने इंस्पेक्टर के सूआ घोंपकर उसे मारने की कोशिश की थी। इसके अलावा प्लेटफार्मों पर यात्रियों के समान की चोरियां इत्यादि पर भी अवैध वेंडरों व वहां घूम रहे संदिग्ध लोगों पर ही शक जाता है।

इस माह पकड़े 597 लोग आरपीएफ ने इन अवैध वेंडरों समेत इस माह 597 लोगों को गिरफ्तार किया है। इसमें लाइन क्रासिंग के अतिरिक्त बेवजह स्टेशन पर घूमने वाले लोग हैं, जिन्हें शक के आधार पर काबू किया गया और उनकी शिनाख्त के बाद उन्हें जमानत पर छोड़ा गया। इसी तरह आरपीएफ ने पिछले माह 687 लोगों को ऐसे ही काबू किया था।

‘आला अधिकारियों के आदेशों पर ये अभियान छेड़ा है। स्टेशन की सुरक्षा का मुद्दा सर्वोपरि है, इसलिए लोगों को हिरासत में लिया जाता है। इसमें अवैध वेंडर भी शामिल हैं। अवैध वेंडर स्टेशन पर बिल्कुल भी रहने नहीं दिए जाएंगे। रेलवे पुलिस रोजाना ट्रेनों और प्लेटफार्मों से इन्हें काबू कर रही है।’ - राजीव नागपाल, इंस्पेक्टर, आरपीएफ