Indian Railways News => Topic started by Mafia on Sep 15, 2012 - 12:00:04 PM


Title - सीधे प्लेटफार्म तक पहुंच जाते हैं टू-व्हीलर
Posted by : Mafia on Sep 15, 2012 - 12:00:04 PM

पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर लोग टू-व्हीलर से सीधे प्लेटफार्म तक पहुंच जाते हैं। कश्मीरी गेट साइड की ओर से यह संभव है, क्योंकि सरकारी वाहनों के प्रवेश के लिए बना द्वार पूरी तरह से खुला हुआ है। यहां सुरक्षाकर्मी तैनात तो होते हैं, पर यात्री बेरोकटोक प्लेटफार्मो तक पहुंच जाते हैं।

प्लेटफार्मो पर बेवजह रखे गए बड़े-बड़े बैगेज और स्टेशन परिसर में जगह-जगह बिखरी गंदगी स्टेशन की जीर्ण-शीर्ण हालत को बयां कर रही है। यात्रियों को सांस लेने के लिए बचे थोड़े से स्पेस पर उत्पाती बंदरों ने कब्जा कर रखा है। इतना ही नहीं मेन साइड में लगे कई डोर मेटल डिटेक्टर फ्रेम (डीएफएमडी) खराब पड़े हैं।

डीएफएमडी पड़े हैं खराब

कश्मीरी गेट की ओर बने प्रवेश द्वार और मेन साइड में लगे कई डीएफएमडी खराब पड़े हैं। सुरक्षाकर्मी भी यात्रियों और उनके बैगेज की जांच करने की जहमत नहीं उठा रहे हैं। स्टेशन प्रशासन के एक आला अधिकारी ने बताया कि अमूमन दिल्ली मंडल प्रशासन के एजेंडा में नई दिल्ली स्टेशन रहता है। महीनों से स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया को दुरुस्त करने का काम चल रहा है, लेकिन सुधरने के बजाय स्थिति और बिगड़ी है। चारों तरफ बिखरी पड़ी गंदगी, स्टेशन बिल्डिंग में जगह-जगह टूट-फूट व वहां लगे सीलन की वजह से हर तरफ दरुगध आ रही है। यात्रियों के लिए वहां एक पल भी ठहर पाना मुश्किल हो जाता है।

अधिकारियों का रवैया टालमटोल का

उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी नीरज शर्मा से जब इन मसलों पर पूछा गया तो उन्होंने कहा कि पुरानी दिल्ली स्टेशन दिल्ली मंडल के अधीन आता है। ऐसे में मंडल के डीआरएम को इनकी सही जानकारी होगी। दूसरी ओर दिल्ली मंडल के डीआरएम अनुराग सचान ने इस मसले पर कुछ भी कहने से इंकार कर दिया। उन्होंने कहा कि ‘भास्कर’ द्वारा उपलब्ध कराए गए फोटोग्राफ को वह देख नहीं पाए हैं।