Indian Railways News => Topic started by Mafia on Sep 14, 2012 - 06:00:06 AM


Title - शताब्दी-सा अहसास लेकर आई दक्षिण भारत की पहली एसी ट्रेन !
Posted by : Mafia on Sep 14, 2012 - 06:00:06 AM

जोधपुर.बीकानेर से रवाना होकर कोयम्बटूर जाने वाली साप्ताहिक एसी ट्रेन बुधवार शाम को जैसे ही जोधपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर पहुंची, यात्रियों के साथ रेलकर्मी भी इस ट्रेन को निहारने लगे। उद्घाटन फेरे में जोधपुर से इस ट्रेन में 33 यात्री सवार हुए।
दक्षिण भारत के लिए पहली एसी ट्रेन मिलने पर खुश यात्रियों ने कहा कि उन्हें तो शताब्दी ट्रेन मिल गई। यह ट्रेन 15 सितंबर से नियमित चलेगी। इस ट्रेन में जोधपुर से प्रत्येक सोमवार को बीकानेर और प्रत्येक गुरुवार को अहमदाबाद के रास्ते कोयम्बटूर जाने की सुविधा मिलेगी।
गत फरवरी में रेलमंत्री ने बजट में जोधपुर के रास्ते बीकानेर-कोयम्बटूर एसी एक्सप्रेस ट्रेन की घोषणा की थी। रेलवे ने बुधवार को बीकानेर से इस ट्रेन को उद्घाटन फेरे पर रवाना किया। शाम 6:15 बजे पहली एसी ट्रेन जोधपुर सिटी स्टेशन के तीन नंबर प्लेटफॉर्म पर पहुंची। ट्रेन में सवार होने के लिए प्लेटफॉर्म पर खड़े सैकंड एसी के चार व थर्ड एसी के यात्रियों के चेहरे ट्रेन देखते ही खुश हो गए।
रेलवे स्टेशन पर इस ट्रेन को लेकर काफी चर्चा थी। यात्रियों के साथ रेलवे कर्मचारियों को इस बात का जरूर मलाल था कि नई ट्रेन को एक नंबर प्लेटफॉर्म पर ही लेना चाहिए था। रेलवे ने शताब्दी एक्सप्रेस के रैक को इस ट्रेन के लिए उपयोग में लिया है। इसमें एक फस्र्ट एसी, चार सैकंड एसी व आठ थर्ड एसी सहित कुल 15 डिब्बे हैं।
जोधपुर से यह रहेगा चलने का समय
जोधपुर से बीकानेर के लिए 9 और अहमदाबाद के लिए 15 ट्रेनें चलती हैं। इनकी संख्या अब बढ़ जाएगी। कोयम्बटूर-बीकानेर (22476) एसी एक्सप्रेस कोयम्बटूर से प्रत्येक शनिवार को दोपहर 3:20 बजे चलकर रविवार रात 10:10 बजे अहमदाबाद होते हुए सोमवार सुबह 7:15 बजे जोधपुर आएगी। यहां से सुबह 7:25 बजे रवाना होकर दोपहर 12:25 बजे बीकानेर पहुंचेगी। वापसी में बीकानेर से यह ट्रेन (22475) प्रत्येक गुरुवार सुबह 5:45 बजे चलकर 9:50 बजे जोधपुर आएगी। जोधपुर से 10:20 बजे चलकर शाम 7:35 बजे अहमदाबाद और शनिवार तड़के 2:50 बजे कोयम्बटूर पहुंचेगी।