Indian Railways News => Topic started by eabhi200k on Aug 28, 2012 - 18:00:38 PM


Title - लखनऊ-दिल्ली डबल डेकर ट्रेन की तैयारी
Posted by : eabhi200k on Aug 28, 2012 - 18:00:38 PM

double decker trains soon on lucknow to delhi

जयपुर-दिल्ली के बाद अब लखनऊ-दिल्ली के बीच डबल डेकर ट्रेन जल्द दौड़ने वाली है। उत्तर रेलवे ने इसकी कवायद तेज कर दी है। यह ट्रेन छह घंटे में दोनों महानगरों की दूरी तय करेगी। इसमें स्वर्ण शताब्दी के मुकाबले प्रति कोच पचास सीटें अधिक होंगी और रफ्तार भी ज्यादा होगी। फिलहाल रेल कोच फैक्ट्री कपूरथला ने डबल डेकर कोचों का उत्पादन भी बढ़ा दिया है लेकिन डबल डेकर शुरू करने की तिथि घोषित नहीं की गई है।

रेलवे बोर्ड के अफसरों के मुताबिक रेल डिब्बा कारखाना ने 14 कोच तैयार कर लिए हैं। बोर्ड से हरी झंडी मिलते ही इन्हें लखनऊ मंडल भेज दिया जाएगा। इससे पहले ट्रैक का निरीक्षण रेलवे संरक्षा आयुक्त करेंगे। आयुक्त की रिपोर्ट आने के बाद डबल डेकर ट्रेन का संचालन शुरू हो पाएगा। ट्रेन की गति 160 किलोमीटर प्रति घंटे होगी।

कुछ सेक्शनों में गति थोड़ी कम होगी। ट्रेन बिना स्टॉपेज के लखनऊ से दिल्ली साढ़े पांच घंटे में पहुंचेगी। अगर दो-तीन स्टॉपेज बने तो सफर छह घंटे का हो जाएगा। अनुसंधान अभिकल्प एवं मानक संगठन (आरडीएसओ) के अफसर बताते हैं कि कोच में 128 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था होगी, जबकि स्वर्ण शताब्दी में यह क्षमता 78 की है। एक कोच की कीमत करीब ढाई करोड़ रुपये है। स्टेनलैस स्टील से बने सुंदर डबल डेकर कोच की सीटें अग्निरोधक बनाई गई हैं।

स्वर्ण शताब्दी व डबल डेकर में अंतर
- शताब्दी के एक कोच में 78 सीटें होती हैं, डबल डेकर में 128 सीटें
- शताब्दी की गति 110 से 130 किमी प्रति घंटा, डबल डेकर की 160
- डबल डेकर की सीटें अग्निरोधक, तकनीकी तौर पर और भी बेहतर

लखनऊ से दिल्ली के बीच डबल डेकर ट्रेन का संचालन होने में कोई दिक्कत नहीं आएगी, क्योंकि कोच ऐसे डिजाइन किया गया है, जिससे ओवर हेड इलेक्ट्रिक वायर को बदलने की जरूरत नहीं है। इन्हें चरणबद्ध तरीके से चलाने की योजना है। अब संबंधित मंडलों को संचालन का काम करना है।
- एके माथुर, कार्यकारी निदेशक, आरडीएसओ लखनऊ