Indian Railways News => Topic started by RailXpert on Sep 03, 2013 - 14:56:40 PM


Title - रेलवे मालगोदाम व कंटेनर डिपो को तलाशेंगे जमीन
Posted by : RailXpert on Sep 03, 2013 - 14:56:40 PM

मुरादाबाद। शहर को जाम के झाम से निजात दिलाने के लिए कंटेनर डिपो और रेलवे मालगोदाम को शहर से बाहर स्थापित करने की कवायद तेज हो गई है। इसी क्रम में नौ सितंबर को संयुक्त निदेशक उद्योग के साथ कंटेनर डिपो और मालगोदाम के लिए जमीन तलाशी जाएगी।
शहर में लगने वाले जाम का मुख्य कारण फव्वारा चौक से दिल्ली की ओर जाने वाले रास्ते पर पड़ने वाला कंटेनर डिपो है। इस डिपो में जब कंटेनर अंदर या बाहर जाते हैं तो काफी देर तक जाम लगा रहता है। जिससे महानगर से होकर दिल्ली व रामपुर की ओर आने जाने वाले वाहन घंटों फंसे रहते हैं। इसके साथ ही महानगर वासियों को भी हलकान होना पड़ता है। इस समस्या से निपटने को ही प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में संयुक्त निदेशक उद्योग के साथ प्रशासनिक अफसरों की वार्ता होने पर सहमति बनी है। इस संबंध में डीआइजी अमरेंद्र कुमार सेंगर ने बताया कि संयुक्त निदेशक उद्योग के साथ नौ सितंबर को प्रस्तावित बैठक में मंडलायुक्त के साथ ही जिलाधिकारी व एसएसपी मौजूद रहेंगे। याद रहे कि इससे पूर्व भी कई बार कंटेनर डिपो व रेलवे मालगोदाम को महानगर के बाहर करने की मांग को लेकर प्रशासनिक अमले में विचार-विमर्श हो चुका है, मगर समाधान आज तक नहीं निकल सका।