Indian Railways News => Topic started by nikhilndls on Sep 08, 2012 - 12:00:12 PM


Title - यात्रियों को राहत : रेलवे ने कर ली त्योहारों की तैयारी
Posted by : nikhilndls on Sep 08, 2012 - 12:00:12 PM

यात्रियों को राहत : रेलवे ने कर ली त्योहारों की तैयारी
शहर प्रतिनिधि, गोरखपुर : दशहरा और दीपावली पर्व पर अचानक बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेल प्रशासन पहले ही सतर्क हो गया है। यात्रियों को कोई परेशानी न आए इसके लिए अपनी तैयारियां भी लगभग पूरी कर ली है। दलालों पर अंकुश लगाने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है। आरक्षण एजेंट उसकी जद में हैं। यही नहीं एक दर्जन स्पेशल ट्रेने चलाने का भी निर्णय लिया गया है। इसमें से आठ की घोषणा हो चुकी है। इधर, टिकटों में दलालों की बढ़ती सेंधमारी और अनियमित यात्रियों की बढ़ती संख्या पर बोर्ड की सख्ती के बाद रेल प्रशासन भी गंभीर हुआ है। इसके तहत पूरी प्लानिंग कर ली गई है। विभागीय सूत्रों के अनुसार सितंबर, अक्टूबर और नवंबर में सभी अधिकृत व अनाधिकृत ट्रैवल एजेंटों के कार्यालयों पर छापेमारी की जाएगी। यह भी ध्यान में रखा जाएगा कि कहीं एजेंटों की साठगांठ आरक्षण लिपिकों से तो नहीं है। इसके लिए सुबह की शिफ्ट में कार्यरत लिपिकों द्वारा जारी टिकटों की हर घंटे में मानीटरिंग होगी। सामान्य से अधिक टिकट जारी करने वालों पर विशेष दृष्टि रखी जाएगी। भीड़ बढ़ने पर पीआरएस (पैंसेजर रिजर्वेशन सिस्टम) पर यात्रियों को लाइन में लगाने के लिए अलग से कर्मचारी नियुक्त किए जाएंगे। उपलब्धता के आधार पर सीसीटीवी कैमरे के जरिए नजर रखी जाएगी। यही नहीं आरक्षित टिकट में यात्री के नाम में परिवर्तन से संबंधित ब्यौरा दैनिक आधार पर तैयार किया जाएगा। तौलिया बिछाकर सीट पर कब्जा किया तो खैर नहीं : ट्रेनों और स्टेशनों पर भी नजर रखी जाएगी। अनारक्षित कोचों में तौलिया बिछाकर स्थान घेरने वाले यात्री और असामाजिक तत्व बच नहीं पाएंगे। अनियमित यात्रियों पर खास नजर होगी। जाली टिकटों के साथ प्रयोग में आ चुके टिकटों आदि की फिर से बिक्री तथा सभी प्रकार के कोटा पर भी विशेष नजर रखी जाएगी। प्रमुख मेल एक्सप्रेस गाडि़यों के अनारक्षित कोचों के सामने वाणिज्य विभाग के कर्मचारी, आरपीएफ व जीआरपी के जवान मौजूद रहेंगे। इसके अलावा सभी ट्रेनों के कोचों में पर्याप्त मात्रा में टिकट जांच कर्मचारी लगाए जाएंगे।