Indian Railways News => Topic started by Jitendar on Apr 06, 2013 - 00:00:34 AM


Title - यदि यहां दौड़ी डबल डेकर ट्रेन तो टकरा जाएगी, ऊंचाई बन सकती है रोड़ा
Posted by : Jitendar on Apr 06, 2013 - 00:00:34 AM

अनुराग शर्मा | Apr 05, 2013, 03:41AM IST

भोपाल। हबीबगंज से इंदौर के बीच चलने वाली डबल डेकर ट्रेन की ऊंचाई इसके संचालन में समस्या बन सकती है। सामान्य ट्रेन के मुकाबले इसकी ऊंचाई 11 सेमी यानी साढ़े चार इंच ज्यादा है। इस कारण डबल डेकर के कोच सीहोर, शुजालपुर स्टेशनों पर शेड से टकरा सकते हैं। यहां ओएचई (ओवर हेड इलेक्ट्रिक) से भी कोच टकरा सकते हैं। इसे देखते हुए रेलवे को शेड व ओएचई की ऊंचाई बढ़ानी पड़ेगी।

सोमवार से डबल डेकर का ट्रायल शुरू होना है। रेल अधिकारियों का कहना है कि ट्रायल करने का उद्देश्य ही समस्याओं को दूर करना है। इसलिए आम यात्रियों को बैठाने से पहले डबल डेकर का कंप्लीट ट्रायल होगा। ज्ञात हो कि हावड़ा-धनबाद के बीच चलाई गई डबल डेकर ट्रेन की चौड़ाई ज्यादा थी। इस कारण मोड़ वाले स्टेशनों के प्लेटफॉर्म पर वह टकराती थी।

इस समस्या को दूर करने के लिए डबल डेकर की चौड़ाई कम कर लंबाई व ऊंचाई में मामूली परिवर्तन किया गया। हबीबगंज-इंदौर के बीच डबल डेकर का संचालन जुलाई माह में होना था। इस संशोधन के कारण अब यह आठ महीने बाद शुरू हो रही है। इसके संचालन में कोई समस्या न आए, इसलिए कपूरथला की फैक्टरी में रैक का ट्रायल किया जा चुका है।

जिसे कमिश्नर रेलवे सेफ्टी चेतन बख्शी या उनके प्रतिनिधि की मौजूदगी में किया जाएगा। इसके बाद ही ट्रेन के संचालन की इजाजत ली जाएगी।


बाद में बढ़ सकती है स्पीड

डबल डेकर ट्रेन वॉल्वो बस के मुकाबले दस मिनट से ज्यादा की देरी से इंदौर पहुंचेगी। वहीं, इंदौर-हबीबगंज इंटरसिटी एक्सप्रेस की तुलना में 20 मिनट कम टाइम लेगी। डबल डेकर ट्रेन हबीबगंज से सुबह 6 बजे चलकर 9.40 बजे इंदौर पहुंचेगी। इस प्रकार यह 3 घंटे 40 मिनट का समय लेगी। वहीं, वर्तमान में आईएसबीटी से चलाई जा रही वॉल्वो बसें साढ़े तीन घंटे में इंदौर पहुंच रही हैं। जबकि, इंदौर-हबीबगंज इंटरसिटी 4 घंटे का समय लेती है। इस बारे में रेल अधिकारियों का कहना है कि मक्सी से देवास के बीच के ट्रैक में सुधार होने के बाद इसकी स्पीड बढ़ सकती है।

बेरछा-अकोदिया व मक्सी सेक्शन का ट्रैक ठीक नहीं

रेल मामलों के विशेषज्ञ व भोपाल मंडल के पूर्व डिवीजनल ऑपरेटिंग मैनेजर (डीओएम) दिलीप सिंह चौधरी ने बताया कि बेरछा-अकोदिया व मक्सी सेक्शन का रेलवे ट्रैक अच्छा नहीं है। करीब 30 किमी के इस सिंगल ट्रैक के सुधार व पार्वती ब्रिज में सुधार के बाद ट्रेन की रफ्तार तेज की जा सकती है। इसके बाद आधे घंटे का मार्जिन निकालकर समय की बचत हो सकेगी।


टाइम-टेबल के अनुसार ही रहेगा रनिंग टाइम

॥रेलवे बोर्ड से निर्धारित टाइम-टेबल के अनुसार ही रनिंग टाइम निर्धारित किया जाता है। फिलहाल इस ट्रेन का हबीबगंज से इंदौर तक का रनिंग टाइम 3 घंटे 40 मिनट रखा गया है।
- केके दुबे, जनसंपर्क अधिकारी रेल मंडल भोपाल


ये है अंतर


सामान्य ट्रेन का कोच                      डबल डेकर का कोच

(जानकारी रेलवे कोच फैक्टरी कपूरथला के अधिकारियों के अनुसार।)


ऊंचाई- 402.5 सेमी                                413.5 सेमी
चौड़ाई- 324.5 सेमी                              305.0 सेमी
लंबाई- 222.9 सेमी                                235.4 सेमी