Indian Railways News => Topic started by greatindian on Sep 01, 2012 - 00:00:23 AM


Title - मौत का फाटक!
Posted by : greatindian on Sep 01, 2012 - 00:00:23 AM

Aug 31, 01:33 am
बताएं
वरिष्ठ संवाददाता, अलीगढ़ : जेल रोड फाटक अब मौत का फाटक बन गया है। बुधवार की देर रात तीन और जानें जाने के बाद फिर वही सवाल उठा कि आखिर ओवरब्रिज कब बनेगा? अफसरों की मानें तो जेल फाटक पर ओवरब्रिज बनाने का प्रस्ताव रेलवे की ओर से यूपी सरकार को भेजा गया है, मगर रोड़ा प्रदेश सरकार का ही है, क्योंकि बगल में स्थित जेल की सुरक्षा का बड़ा सवाल जो सामने है।
ओवरब्रिज की जरूरत : शहर में सबसे ज्यादा ट्रैफिक लोड जेल फाटक पर ही रहता है। इससे पहले सुदामापुरी फाटक पर लोड रहता था, जिसे लोग खूनी क्रासिंग के नाम से पुकारने लगे थे। वहां ओवरब्रिज बनाने के लिए लंबा आंदोलन चला था। अंतत: रेलवे और यूपी सरकार को मिलकर ओवरब्रिज बनाना पड़ा। नौरंगाबाद ओवरब्रिज बिना किसी आंदोलन के बन गया था, क्योंकि यह फाटक जीटी रोड पर था। सुदामापुरी और नौरंगाबाद में ओवरब्रिज बनने के बाद अब जेल फाटक पर ओवरब्रिज की जरूरत है।
सुविधा का ख्याल : किसी को नुमाइश मैदान, ऊपरकोट, गूलर रोड, खैर रोड, मसूदाबाद, सारसौल, मेलरोज बाईपास से कचहरी या एसएसपी और डीएम दफ्तर जाना होता है तो वह जेल फाटक से होकर निकलना चाहता है क्योंकि जेल फाटक से होकर फासला कम हो जाता है। यही वजह है लोड बढ़ा तो हादसों की संख्या भी तेजी से बढ़ी।
बड़े हादसे : तीन वर्ष पहले जेल फाटक पर बड़ा हादसा हुआ था। फाटक बंद था और रिक्शे फाटक के अंदर थे। तब एक ट्रेन कई रिक्शे वालों को खींच ले गई थी और पांच रिक्शे वालों की मौत हो गई थी।
अटका प्रस्ताव : जेल फाटक पर ओवरब्रिज बनाने की जरूरत को देखते हुए रेल मंत्रालय ने बजट भी मंजूर कर दिया था, मगर पास में जिला कारागार होने से एनओसी न मिल पाने के कारण ओवरब्रिज बनाने के प्रस्ताव को ग्रहण लग गया। सरकार ने कुछ संशोधन के साथ प्रस्ताव रेलवे से मांगा है जिसे भेज दिया गया है।
वर्जन
ओवरब्रिज बनाने का प्रस्ताव उप्र सरकार को भेजा गया है। अब रेलवे को इंतजार है प्रस्ताव पर सरकार की मुहर का। सरकार की मुहर लग जाएगी तो टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
संदीप माथुर, मुख्य जन संपर्क अधिकारी, रेलवे।