Indian Railways News => Topic started by nikhilndls on Aug 29, 2012 - 00:00:47 AM


Title - बरेली जंक्शन से चलेंगी लालकुआं के लिए ट्रेनें
Posted by : nikhilndls on Aug 29, 2012 - 00:00:47 AM

बरेली स्टेशन को जंक्शन से जोडऩे की कवायद शुरू कर दी गई है। सोमवार को रेल अधिकारियों की मौजूदगी में निजी कंपनी के इंजीनियरों ने चौपुला ओवर ब्रिज के नीचे की रेलवे लाइन का सर्वे किया। यह कदम इसलिए उठाया जा रहा है कि लालकुंआ के लिए बरेली जंक्शन से ट्रेने चलाई जा सकें। इंजीनियरों ने बताया कि मेन लाइन पर चौपला ओवरब्रिज के नीचे बना लकड़ी का पुल तोड़ा जाएगा। इस संबंध में काम शीघ्र शुरू होने की उम्मीद है।

रेलवे के अफसरों ने बताया कि बरेली सिटी और लालकुआं स्टेशन के बीच आमान परिवर्तन (बड़ी लाइन) का काम लगभग पूरा हो चुका है। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक की स्पेशल ट्रेन भी इस रूट पर ट्रायल ले चुकी है। अक्टूबर में प्रस्तावित रेल संरक्षा आयुक्त (सीआरएस) के मुआयने के बाद यह रूट यात्री ट्रेनों के लिए खोल दिया जाएगा। पहले लालकुआं के लिए ट्रेनें बरेली जंक्शन से ही चलती थीं। इसे देखते हुए रेलवे प्रशासन ने सिटी स्टेशन से बरेली जंक्शन तक के ट्रैक को यात्री ट्रेनों के लायक बनाने का फैसला लिया।

प्रयास किया जा रहा है कि जंक्शन पर एनईआर की ब्रॉड गेज की ट्रेनों के लिए भी प्लेटफॉर्म बन सके। सोमवार को आईएल एंड एफएस ट्रांसपोर्ट लिमिटेड कंपनी के इंजीनियर पंकज शर्मा, सीनियर सर्वेयर एस. कुमार डिजाइन सर्वे के लिए रेलवे के इंजीनियरों के साथ चौपला ओवर ब्रिज के नीचे रेलवे ट्रैक पर पहुंचे। उन्होंने इंजीनियरिंग के लिहाज से जरूरी डाटा इकट्ठा किया। इंजीनियर पंकज शर्मा ने बताया कि उनकी कंपनी को रेलवे ने सर्वे की जिम्मेदारी थी और यह काम सोमवार को पूरा हो गया है।