Indian Railways News => Topic started by irmafia on Sep 18, 2012 - 12:00:29 PM


Title - फेयरी क्वीन के फेरे पर संकट रेलवे की स्टीम एक्सप्रेस से चलाने की तैयारी, बुकिंग नहीं हुई शुरू
Posted by : irmafia on Sep 18, 2012 - 12:00:29 PM

157 साल पुराने भाप के इंजन से चलने वाली फेयरी क्वीन के इस सत्र के फेरे पर संकट के बादल हैं। इस ट्रेन का इंजन तकनीकी खराबी के बाद चेन्नई वर्कशॉप भेजा गया है।
रेलवे के शैड्यूल के अनुसार फेयरी क्वीन अक्टूबर से मार्च महीने तक हर माह के दूसरे और चौथे शनिवार को सैलानियों को सरिस्का की सैर कराने के लिए दिल्ली कैंट से अलवर लाती है। इसका इस साल का सफर 12 अक्टूबर को शुरू होना है। चूंकि इंजन अभी तक दुरुस्त होकर नहीं आया है, इस कारण अभी तक इस फेरे की बुकिंग भी शुरू नहीं की गई है। फेयरी क्वीन के अधिकारी सीआर मीणा ने बताया कि आगामी एक दो दिन में रेलवे बोर्ड की बैठक होगी। इसमें टिकट बुकिंग की तिथि तय की जाएगी तथा किराया निर्धारित किया जाएगा।

-1908 के बाद जुलाई 2007 में पटरी पर दौड़ी फेयरी क्वीन-
सन 1855 के भाप के इंजन से चलने फेयरी क्वीन का सफर 1908 के बाद जुलाई 2007 में फिर शुरू हुआ। इस बार इस ट्रेन को पर्यटन उद्योग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दिल्ली कैंट से अलवर के बीच शुरू की गई। सैलानियों को सरिस्का की सैर पर लाया जाता है।
गत वर्ष भी स्टीम एक्सप्रेस से आए थे सैलानी
गत वर्ष भी फेयरी क्वीन का इंजन खराब हो जाने के कारण सैलानियों को स्टीम एक्सप्रेस से सरिस्का भ्रमण के लिए लाया गया था। स्टीम एक्सप्रेस में लगा 47 साल पुराना भाप का इंजन अकबर भी अलवर से दिल्ली जाते समय खराब हो गया था । बाद में डीजल इंजन लगाकर इसे दिल्ली भेजा गया था। फेयरी क्वीन का किराया वसूल करने के बाद भी स्टीम एक्सप्रेस से सैर कराने और स्टीम एक्सप्रेस के इंजन के भी रास्ते में दम तोड़ देने से गुस्साए सैलानियों ने स्टेशन पर हंगामा भी किया था।