Indian Railways News => Topic started by puneetmafia on Sep 05, 2012 - 15:00:07 PM


Title - पूर्वोत्तर के लोगों की वापसी शुरू
Posted by : puneetmafia on Sep 05, 2012 - 15:00:07 PM

बेंगलूरू। असम में पिछले माह भड़की हिंसा के बाद बदले की कार्रवाई के डर से राज्य से पलायन करने वाले पूर्वोत्तर के लोगों ने राजधानी बेंगलूरू में लौटना शुरू कर दिया है। गुवाहाटी से करीब 1000 यात्रियों को लेकर एक विशेष रेलगाड़ी सोमवार की रात शहर में पहुंची जबकि एक अन्य विशेष रेलगाड़ी के 10 सितम्बर को शहर में पहुंचने के आसार हैं।गौरतलब है कि एसएमएस संदेशों के जरिए फैलाई गई अफवाहों के कारण राज्य व पड़ौसी राज्य केरल में रहने वाले 30 हजार से अधिक पूर्वोत्तर के लोगों ने घर वापसी की थी। असम में हिंसा की घटनाओं और उसके बाद फैली अफवाहों के कारण विभिन्न कंपनियों में काम करने वाले लोगों, विद्यार्थियों, छोटी केन्टीन चलाने लोगों, सुरक्षा गार्ड व होटलकर्मियों ने अपने अपने घर लौटने का निर्णय किया था। राज्य के उपमुख्यमंत्री व गृह विभाग के प्रभारी आर. अशोक ने शहर में पहुंचे यात्रियों से कहा कि आप लोगों की वापसी इस बात का प्रमाण है कि कर्नाटक सबसे सुरक्षित राज्य है। किसी को डरने की कोई आवश्यकता नहीं है और आप लोग अपने मित्रों व रिश्तेदारों से भी यह बात कहें जो अभी तक लौटे नहीं हैं। गौरतलब है कि पलायन के बाद अशोक ने असम व मणिपुर जैसे राज्यों का दौरा करके लोगों से राज्य में लौट आने की अपील की थी।