Indian Railways News => Topic started by ConfirmTicket on Sep 15, 2012 - 15:00:20 PM


Title - देश को एक सूत्र में बांधती है हिंदी : जीएम रेलवे
Posted by : ConfirmTicket on Sep 15, 2012 - 15:00:20 PM

Story Update : Saturday, September 15, 2012    1:52 AM

गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे के राजभाषा विभाग के तत्वावधान में रेलवे अधिकारी क्लब में राजभाषा सप्ताह का शुभारंभ महाप्रबंधक जगदेव कालिया ने दीप जलाकर किया। इस दौरान रेलकर्मियों ने हिंदी को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।
महाप्रबंधक ने कहा कि राष्ट्रभाषा हिन्दी सारे देश को एक सूत्र में जोड़ने का कार्य करती है। आज हिन्दी विश्व भाषा बनने की दहलीज पर दस्तक दे रही है। यह सहज, सरल एवं बोधगम्य है। कालिया ने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी के इस युग में हिन्दी, अंग्रेजी से कहीं भी कम नहीं है। महाप्रबंधक ने सभी रेल अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की कि रेल जैसे तकनीकी संगठन में बहुप्रचलित तकनीकी शब्दों का प्रयोग देवनागरी रूप में करें ताकि कर्मचारियों को समझने में कठिनाई न हो। उन्होंने कहा कि आज हिन्दी दिवस पर हम सभी यह संकल्प लें कि अपने कार्यों में हिंदी को बढ़ावा देंगे।
इसके पूर्व सभी का स्वागत करते हुये वरिष्ठ उप महाप्रबंधक आरपी निबारिया ने कहा कि आजादी की लड़ाई में हिन्दी ने पूरे देश में एक महत्वपूर्ण संपर्क भाषा के रूप में अपनी भूमिका निभाई थी। इसको देखते हुए संविधान निर्माताओं ने 14 सितंबर, 1949 को हिन्दी को संघ की राजभाषा के रूप में दर्जा दिया। उन्होंने कहा कि इसी पावन दिवस की याद में हर साल 14 सितंबर को हिन्दी दिवस के रूप में मनाया जाता है।
समारोह का संचालन उप मुख्य राजभाषाधिकारी एवं उप महाप्रबन्धक/सामान्य संजय यादव ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन राजभाषा अधिकारी ध्रुव कुमार श्रीवास्तव ने किया।