Indian Railways News => Topic started by AllIsWell on Sep 20, 2012 - 03:00:12 AM


Title - दिल्ली तक जाएगी मोहाली के लोगों की आवाज
Posted by : AllIsWell on Sep 20, 2012 - 03:00:12 AM

मोहाली। चंडीगढ़ से अमृतसर के लिए शुरू की गई इंटरसिटी एक्सप्रेस को मोहाली स्टॉपेज देने की आवाज अब दिल्ली तक जाएगी। अमर उजाला द्वारा इंटरसिटी को मोहाली में स्टॉपेज देने को लेकर शुरू किए अभियान में कांग्रेस के पूर्व पार्षद भी शामिल हो गए हैं। जोकि मोहाली के लोगों की आवाज दिल्ली तक पहुंचाएंगे। इसके लिए विधायक, सांसद तक पहुंच करेंगे। वहीं, प्रदेश नेतृत्व को साथ लेकर दिल्ली जाएंगे। वहां पार्टी हाईकमान, रेल मंत्री और प्रधानमंत्री तक से मिलेंगे। उन्हें समझाया जाएगा कि मोहाली के लिए इंटरसिटी का स्टॉपेज कितना जरूरी है। यह कोई बेवजह मांग नहीं, बल्कि मोहाली का हक है। इससे बड़ी संख्या में लोगों को सहूलियत होगी। साथ ही रेलवे को भी काफी ट्रैफिक मिलेगा।

रेलवे मंत्री से मिलेंगे - बेदी कुलजीत बेदी ने कहा कि इस संबंध में एआईसीसी मेंबर लखविंदर कौर गरचा पहले ही पीएम को लिख चुकी हैं। अब सांसद रवनीत बिट्टू और प्रदेश नेतृत्व को साथ लेकर वह दिल्ली जाएंगे। रेल मंत्री व प्रधानमंत्री से मिलकर मांग रखेंगे। क्योंकि इंटरसिटी का स्टॉपेज मोहाली का जायज हक बनता है। यहां आईटी, एजूकेशन व इंडस्ट्री हब हैं। प्रदेश सरकार के तमाम हेडक्वार्टर हैं, रोजाना लोग पंजाब से आते-जाते हैं। हर हालत में मोहाली को स्टॉपेज दिलाया जाएगा।

केंद्र को लिखेंगे - राणा जिला कांग्रेस प्रधान राजिंदर सिंह राणा ने कहा कि मोहाली में स्टॉपेज जरूर दिया जाना चाहिए। पहले भी इस संबंध में मांग की गई थी। अमृतसर एक बड़ा धार्मिक केंद्र है, जहां रोजाना शहर से बड़ी संख्या में लोग जाते हैं। मोहाली से ही पंजाब शुरू होता है, यहां तो इंटरसिटी का स्टॉपेज होना ही चाहिए।

सांसद के सामने रखी मांग - सोमल अमरीक सिंह सोमल ने कहा कि उन्होंने रविवार को ही सांसद रवनीत बिट्टू से इस बारे में बात की है। लोगों की मांग है कि इंटरसिटी एक्सप्रेस का स्टॉपेज मोहाली में होना चाहिए। पांच से दस मिनट के स्टॉपेज से क्या बिगड़ जाएगा। बिट्टू ने आश्वासन दिया है कि वह इसके लिए जरूर कुछ करेंगे। जल्द ही विधायक बलबीर सिद्धू के साथ इस बारे में बिट्टू से मिलेंगे। लोगों की मांग दिल्ली तक पहुंचाई जाएगी।

विधायक से करेंगे मांग - जैन रिशव जैन ने कहा कि मोहाली में तो हर हालत में ट्रेन का स्टॉपेज होना चाहिए। लोगों की काफी समय से यह मांग रही है। जल्द ही लोगों को लेकर रेलवे अधिकारियों से मिलेंगे। साथ ही विधायक बलबीर सिद्धू से भी मांग रखी जाएगी। रेलवे ने कुछ न किया तो लोगों को साथ लेकर धरने देंगे।

पांच मिनट का स्टॉपेज जरूरी - औलख कुलजीत औलख ने कहा कि मोहाली अब चंडीगढ़ के बराबर ही बन गया है। यहां से भी रोजाना बड़ी संख्या में लोग लुधियाना, जालंधर, अमृतसर जाते हैं। जिन्हें मजबूरी में चंडीगढ़ से ट्रेन पकड़नी पड़ती है। जबकि, इंटरसिटी यहां से गुजर कर जाती है। पांच मिनट का स्टॉपेज देेने से क्या फर्क पड़ जाएगा। इस संबंध में विधायक बलबीर सिद्धू को अप्रोच किया जाएगा।

मैसेज कैंपेन चलाएंगे - बिंद्रा गुरनाम बिंद्रा ने कहा कि मोहाली पंजाब का पहला शहर है, यहां तो इंटरसिटी का स्टॉपेज होना ही चाहिए। यहां ट्रेन के रुकने के लिए वह मुहिम चलाएंगे। एसएमएस के जरिए ज्यादा से ज्यादा लोगों से संपर्क करेंगे। लोगों से आए फीडबैक और उनकी सलाह के बाद स्टॉपेज के लिए अगली रणनीति तैयार की जाएगी। वहीं, डिप्टी कमिश्नर से भी मुलाकात की जाएगी।