Indian Railways News => Topic started by puneetmafia on Sep 18, 2013 - 20:56:22 PM


Title - दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने कहा, आय बढ़ाओ और खर्च घटाओ
Posted by : puneetmafia on Sep 18, 2013 - 20:56:22 PM

बिलासपुर. भारतीय रेल के लिए कमाऊ पूत साबित होने वाली दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का प्रदर्शन बीते चार माह में निराशाजनक रहा है। इसके चलते रेलवे बोर्ड तक चिंता में है। चेयरमैन अरुनेंद्र कुमार ने महाप्रबंधक को पत्र लिखकर कहा है कि चालू वित्तीय वर्ष की पहली तिमाही में जोन आय के लक्ष्य से 131 करोड़ रुपए पीछे रहा है। चेयरमैन ने जोन की आय बढ़ाने और खर्च घटाने के लिए ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।

रेलवे बोर्ड के चेयरमैन अरुनेंद्र कुमार ने जोन के रिपोर्ट कार्ड के आधार पर महाप्रबंधक आर्या को पत्र लिखा है। रिपोर्ट कार्ड वित्तीय वर्ष 2013-14 के अपै्रल से जुलाई तक यानी चार महीने के आधार पर तैयार किया गया है। चेयरमैन ने अपने पत्र में लिखा है कि वित्तीय वर्ष के चार महीने बीत चुके हैं, जिसमें जोन की आय को लेकर घातक परिणाम देखने को मिले हैं। यात्री परिवहन में बीते साल हुई आय को देखकर जोन को लक्ष्य दिया गया था।

इसके अलावा अतिरिक्त संसाधनों के उपयोग को ध्यान में रखकर आय में 35.8 फीसदी ग्रोथ का टारगेट दिया गया था। इसके मुकाबले यात्री परिवहन 18.9 फीसदी ही रहा। इससे जोन अपने लक्ष्य से 131 करोड़ रुपए पीछे रह गया।

चेयरमैन ने बताया है कि भारतीय रेल का खर्च जुलाई 2013 के अंत में आय से अधिक हो गया है। इससे भारतीय रेल की आंतरिक पूंजी पर भार बढ़ रहा है। यात्री परिवहन और माल ढुलाई से होने वाली आय में कमी से भविष्य की परियोजनाएं प्रभावित होंगी। चेयरमैन ने इसी आधार पर महाप्रबंधक को आय बढ़ाने और खर्च घटाने के लिए पहल करने और जानकारी बोर्ड को देने के निर्देश दिए हैं।

जोन इस तरह से

बढ़ाएगा आय

यात्री डिब्बों को बढ़ाएगा, जिससे ज्यादा यात्रियों का परिवहन संभव होगा।

कैटरिंग, विज्ञापन एवं पार्किंग से होने वाली आय में वृद्धि की जाएगी।

रिजर्व और अनरिजर्व टिकटों की बिक्री में वृद्धि का प्रस्ताव।

प्राइवेट फ्रेड टर्मिनल के प्रस्ताव को मंजूरी देने में तेजी लाएंगे।

तैयार हो चुकी सिलियारी और दाधापारा साइडिंग से आय अर्जित की जाएगी।

एनटीपीसी सीपत को लोडिंग के लिए विशेष (बीओबीआरएन) रैक उपलब्ध कराई जाएगी।

एसईसीएल, एमसीएल, एफसीआई सहित अन्य पार्टियों के साथ कस्टमर मीट की जाएगी।