Indian Railways News => Topic started by eabhi200k on Sep 08, 2012 - 09:01:23 AM


Title - ट्रैक पर स्पीड का इंतजार
Posted by : eabhi200k on Sep 08, 2012 - 09:01:23 AM

रतलाम। भले ही ट्रेनों की स्पीड 200 किमी प्रतिघंटा बढ़ाने के लिए देश में कवायदें चल रही हों, लेकिन गति को पाने के लिए भारतीय रेलवे को व्यवस्थाओं में बदलाव करने होंगे। ऎसे में इस प्रोजक्ट को पूरा करने में लंबा इंतजार करना पड़ सकता है। हाल ही में स्पीड बढ़ाने के लिए जापानी दल ने रतलाम सहित अन्य सेक्शनों में निरीक्षण किया था। इसके बाद इसी से जुड़े मुद्देें पर भारतीय रेल अधिकारियों की टीम जापान गई थी। दल में रतलाम से सीनियर डीईई (टीआरडी) वीके नागर शामिल थे। सूत्रों के मुताबिक वहां की टेक्नोलॉजी के अनुरूप यहां बदलाव करने होंगे। इसमें भारी खर्च और पर्याप्त संसाधन जुटाने होंगे।

जापानी दल ने लिया था जायजा : ट्रेनों की स्पीड 200 किमी प्रतिघंटा करने के लिए पिछले महीनों में अलग-अलग प्रोजेक्ट के तहत व्यवस्थाओं का जायजा लेने जापानी दल रतलाम आया था। दल ने रतलाम मंडल के नागदा, रतलाम तथा गोधरा तक निरीक्षण किया था।

पर्याप्त बदलाव करने होंगे : अधिकारिक सूत्रों के मुताबिक ट्रेनों की गति बढ़ाने में पर्याप्त बदलाव करने होंगे। इसमें ट्रैक की बेहतर स्थिति, पुल-पुलियाओं और ब्रिज का विस्तार, ट्रैक के आसपास बाउंड्रीवाल के अलावा अधिक क्षमता वाले इंजन तैयार करने होंगे। इनमें लंबा समय लगने की संभावना है। रेलवे अधिकारियों की मानें तो स्पीड बढ़ाने में रेलवे को भारी खर्च और पर्याप्त संसाधन जुटाना जरूरी है। ऎसे में तेज गति की ट्रेनें देखने और इसमें बैठने का आनंद अगली पीढ़ी ले सकेगी।

रिपोर्ट नहीं मिली है जापानी दल द्वारा पिछले दिनों निरीक्षण के बाद वहां से रिपोर्ट नहीं मिली है। ट्रेनों की स्पीड बढ़ाने में फिलहाल समय लगने की संभावना है।

प्रदीप शर्मा, जनसंपर्क अधिकारी रतलाम

रेल मंडल