Indian Railways News => Topic started by railgenie on Sep 08, 2012 - 12:01:14 PM


Title - टीचर की डांट से बचने के लिए पकड़ ली ट्रेन
Posted by : railgenie on Sep 08, 2012 - 12:01:14 PM

ग्रेटर नोएडा. ग्रेटर नोएडा के एक स्‍कूल में पढ़ने वाले स्‍टूडेंट ने ऐसी हरकत की जिसे सुनकर घरवालों के होश उड़ गए।  करीब 12 साल का सत्‍यम ग्रेटर नोएडा के ही फादर एग्‍नल स्‍कूल में पांचवी का स्‍टूडेंट है। शुक्रवार दोपहर बाद दो बजे स्‍कूल की छुट्टी होती है लेकिन देर शाम तक लड़का अपने घर नहीं लौटा।   सत्‍यम अपने मामा संतोष सिंह के घर रहकर पढ़ाई करता था। बिहार के कैमूर जिले के निवासी संतोष यहां अल्‍फा सेकंड में रहते हैं। देर शाम तक सत्‍यम के घर नहीं लौटने पर उन्‍होंने पुलिस को मामले की जानकारी दी। अगले दिन पता चला कि लड़का ट्रेन पकड़कर अपने घर पहुंच गया है।   उसके साथ पढ़ने वालों उसके दोस्‍तों ने बताया कि शनिवार को पैरेंट्स-टीचर मीटिंग होनी थी। सत्‍यम इसे लेकर परेशान था और उसे डर था कि उसे  कम मार्क्‍स और पढ़ाई में लापरवाही के चलते अभिभावकों के सामने टीचर की डांट पड़ेगी। उसने अपने इन दोस्‍तों से इसका जिक्र भी किया था कि वह अपने घर भाग जाएगा।   बताया जा रहा है कि स्‍कूल से निकलने के बाद सत्‍यम सीधे आनंद विहार स्‍टेशन पहुंचा। वहां उसने गरीब रथ एक्‍सप्रेस पकड़ी और अगले दिन सुबह वाराणसी पहुंच गया। वहां पहुंचने के बाद उसने अपने पापा को फोन कर बताया कि वह ट्रेन से बनारस आ गया है। परेशान घरवाले उसे बनारस से ले गए।