Indian Railways News => Topic started by railgenie on Aug 25, 2012 - 15:01:05 PM


Title - खत्म हुआ इंतजार: अब एक खास ट्रेन में होगा सफर!
Posted by : railgenie on Aug 25, 2012 - 15:01:05 PM

नई दिल्ली
डबल डेकर ट्रेन से यात्रा करने का रेलयात्रियों का इंतजार आखिरकार शुक्रवार को खत्म हो गया। रेल मंत्री मुकुल रॉय ने सराय रोहिल्ला से इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह गाड़ी सराय रोहिल्ला से प्रतिदिन शाम 5.35 बजे रवाना होगी और रात 10.05 बजे जयपुर पहुंचेगी।

इस दौरान यह दिल्ली छावनी, गुड़गांव, गांधीनगर और जयपुर स्टेशन पर रुकेगी। प्रत्येक स्टेशन पर इस गाड़ी का स्टॉपेज दो मिनट का होगा। दिल्ली से जयपुर तक का किराया 347 रुपए है। गाड़ी में 13 वातानुकूलित कुर्सीयान हैं।

प्रत्येक कोच में 120 यात्रियों की बैठने की क्षमता है। अपर डेक में 50, लोअर डेक में 48 और ऑन एंड में 22 यात्री बैठ सकते हैं। इसकी अधिकतम गति सीमा 160 किलोमीटर प्रतिघंटा है। खास बात यह है कि इसमें डिस्क ब्रेक लगे हैं।

गाड़ी के कोच की ऊंचाई 116 मीटर है। हालांकि सीटों की चौड़ाई काफी कम है। एक तरफ तीन और दूसरी ओर दो यात्रियों यानी एक पंक्ति में पांच यात्रियों की बैठने की व्यवस्था है। ट्रेन में सवार 78 वर्षीय कांता कल्ला कहती हैं कि उनका नाती काफी समय से इस ट्रेन के बारे बताता था।

आज जाकर इसमें चढ़ने की ख्वाहिश पूरी हुई। कल्ला कहती हैं कि सीढ़ियों की ऊंचाई कम होने की वजह से चढ़ना आसान है। गाड़ी के गार्ड जयप्रकाश को विशेष गाड़ियों का परिचालन करने का विशेष तजुर्बा है। कई रेलमंत्रियों का विशेष ट्रेन चला चुके हैं। वरिष्ठ गार्ड कर्ण सिंह तो पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम को ट्रेन की सवारी करा चुके हैं।

इस अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित सहित रेलवे के आला अधिकारी मौजूद थे। दिल्ली से जयपुर के बीच शुरू हुई डबल डेकर ट्रेन के भीतर का नजारा।