Indian Railways News => Topic started by riteshexpert on Sep 08, 2012 - 18:00:20 PM


Title - एमसीडी के सहयोग से रेलवे ने चलाई मॉस्किटो टर्मिनेटर
Posted by : riteshexpert on Sep 08, 2012 - 18:00:20 PM

नई दिल्ली। राजधानी को मच्छरों से मुक्त कराने के लिए उत्तर रेलवे ने दिल्ली की तीनों नगर निगम के साथ मिलकर मॉस्किटो टर्मिनेटर ट्रेन चलाई है।



यह ट्रेन राजधानी के विभिन्न रेल मार्गो के इर्द-गिर्द कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कर मच्छरों का प्रजनन रोकेगी। मॉस्किटो टर्मिनेटर को शनिवार को मंडल रेल प्रबंधक अनुराग सचान और दक्षिण नगर निगम की मेयर सविता गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।



उत्तर रेलवे के वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी वाईएस राजपूत ने बताया कि रेल लाइनों के इर्द-गिर्द एकत्रित पानी में मच्छर और विभिन्न प्रकार के कीड़ों के उत्पन्न होने की आशंका रहती है। ऐसे में मलेरिया, फाइलेरिया, डेंगू, जापानी एजोंफलाइटिस जैसी विभिन्न बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ जाता है।



उन्होंने बताया कि मॉस्किटो टर्मिनेटर में एक डीएमवीके टाइप के विशेष रेल वैगन पर एक टैंकर टक लगाया गया है। इसमें लगी प्रेशर मशीन के जरिए कीटनाशक दवा का छिड़काव किया जाएगा। यह ट्रेन दिल्ली के रेल मार्गो पर बीस किलोमीटर की रफ्तार से दौड़ेगी।



राजपूत ने बताया कि यह विशेष ट्रेन 24 अगस्त और 7 सितंबर को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, हजरत निजामुद्दीन, लाजपत नगर, सेवा नगर, लोधी कॉलोनी, सफदरजंग, पटेल नगर, किशनगंज रेलवे स्टेशन के इर्द-गिर्द छिड़काव करते हुए वापस नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचेगी।


25 अगस्त और 8 सितंबर को मॉस्किटो टर्मिनेटर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, सदर बाजार, सराय रोहिल्ला, पटेल नगर, दिल्ली छावनी, पालम और गुड़गांव होते हुए वापस नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। 21 सितंबर और 5 अक्टूबर को यह ट्रेन नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से चलकर किशनगंज, दयाबस्ती, नया आजादपुर, बादली, नरेला, राठधना और सब्जी मंडी रेल मार्ग पर दवा का छिड़काव करेगी। 22 सितंबर तथा 6 अक्टूबर को मॉस्किटो टर्मिनेटर ट्रेन सदर बाजार, दिल्ली जंक्शन, शाहदरा, चंद्र विहार, मंडावली, तिलक ब्रिज होते हुए नई दिल्ली रेल मार्ग पर कीटनाशक का स्प्रे करेगी।