Indian Railways News => Topic started by nikhilndls on Aug 07, 2012 - 20:20:04 PM


Title - अप्रैल-जुलाई 2012 के दौरान रेलवे की आय में 19.87 प्रतिशत की बढ़ोत्‍तरी हुई
Posted by : nikhilndls on Aug 07, 2012 - 20:20:04 PM

भारतीय रेलवे की आय 01 अप्रैल से 31 जुलाई 2012 के दौरान पिछले वर्ष की इसी अवधि के 33061.33 करोड़ रुपए की तुलना में 19.87 प्रतिशत की वृद्धि के साथ बढ़कर लगभग 39632.02 करोड़ रुपए हो गई। माल भाड़े से आय 1 अप्रैल से 31 जुलाई 2012 के बीच 24 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज करते हुए 27617.27 करोड़ रुपए पर पहुंच गई। पिछले साल यह आंकड़ा 22272.05 करोड़ रुपए था। वित्‍त वर्ष 2012-13 के पहले चार महीनों में यात्री किराए से आय में 11.99 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई और यह पिछले वर्ष की इसी अवधि के 9215.23 करोड़ रुपए से बढ़कर 10320.58 करोड़ रुपए पर पहुंच गई। अप्रैल से जुलाई 2012 में अन्‍य स्रोतों से आय पिछले साल के 919.74 करोड़ रूपए से बढ़कर 1017 करोड़ रूपए हो गई। इसमें 10.57 प्रतिशत की वृद्धि हुई। अप्रैल-जुलाई 2012 में कुल लगभग 2844.01 मिलियन यात्रियों ने यात्रा की। पिछले साल इसी अ‍वधि में 2732.26 मिलियन लोगों ने रेल से सफर किया था। उपनगरीय क्षेत्रों में अप्रैल-जुलाई 2012 में 1459.38 मिलियन लोगों ने रेल से सफर किया, जो कि पिछले साल के 1411.42 मिलियन से 3.40 प्रतिशत अधिक है। गैर-उपनगरीय इलाकों में 2012 की इसी अवधि में 1384.63 मिलियन यात्रियों ने टिकट खरीदे जबकि 2011 में अप्रैल से जुलाई के बीच 1320.84 मिलियन लोगों ने सफर किया। यहां वृद्धि दर 4.83 प्रतिशत की रही।