Indian Railways News => Topic started by railenquiry on Sep 15, 2012 - 03:00:31 AM


Title - अगले माह से चलेगी इंटरसिटी!
Posted by : railenquiry on Sep 15, 2012 - 03:00:31 AM

मऊ : छपरा-मड़ुवाडीह इंटरसिटी एक्सप्रेस वाया बलिया-मऊ आगामी अक्टूबर माह से चल सकती है। इस संबंध में क्षेत्रीय सांसद दारा सिंह चौहान को रेल भवन नई दिल्ली के उच्चाधिकारियों से आश्वासन मिला है। इसके साथ ही आजमगढ़-बैरकपुर साप्ताहिक का परिचालन भी शुरू होगा। कई अन्य ट्रेनों के संचालन, ठहराव व विस्तार के बारे में भी चर्चा हुई है।

श्री चौहान के साथ रेल भवन गए क्षेत्रीय रेल उपभोक्ता परामर्शदात्री समिति पूर्वोत्तर रेलवे के सदस्य शाह आलम कुरैशी ने नई दिल्ली से लौटकर बताया कि सांसद की कार्यकारी निदेशक कोचिंग रेलवे बोर्ड से लगभग एक घंटा तक वार्ता हुई। इसमें उन्होंने बताया कि अक्टूबर माह में छपरा-मड़ुवाडीह इंटरसिटी एक्सप्रेस वाया बलिया-मऊ तथा आजमगढ़-बैरकपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस का रैक व इंजन मिलते ही उनका संचालन आरंभ कर दिया जायेगा। आजमगढ़-बैरकपुर एक्सप्रेस साप्ताहिक रेल सेवा का मुहम्मदाबाद गोहना स्टेशन पर ठहराव आसनसोल-गोंडा (साप्ता.) मुजफ्फरपुर-सूरत, गरीब नवाज एक्सप्रेस का रसड़ा, मुहम्मदाबाद गोहना एवं खोरासन रोड स्टेशनों पर वाणिज्यिक ठहराव के आदेश भी शीघ्र ही रेलवे बोर्ड द्वारा जारी कर दिए जायेंगे। गाड़ी संख्या 15023 / 24 गोरखपुर-यशवंतपुर रेलसेवा को मऊ-शाहगंज-इलाहाबाद होकर चलाने की जांच कराई जायेगी अथवा बंगलौर के लिए एक नई रेलसेवा मऊ-मुहम्मदाबाद-आजमगढ़ होकर चलाने का आश्वासन मिला है। साथ ही बलिया-शाहगंज 55137 / 55140 का विस्तार जौनपुर अथवा जफराबाद तक किया जायेगा।

रेलमंत्री के आश्वासन के पांच माह बाद भी छपरा-मड़ुवाडीह इंटरसिटी एक्सप्रेस वाया बलिया-मऊ के न चलने से क्षेत्रीय जनता काफी आक्रोशित थी। दैनिक जागरण ने भी इस मुद्दे को लेकर अभियान चला रखा था। इससे प्रेरित होकर सांसद व समिति के सदस्य ने इस संबंध में प्रयास किए, इस आश्वासन को सुनकर एक बार फिर क्षेत्रीय जनता ने अक्टूबर माह तक इंतजार करने का फैसला किया है।