Indian Railways News => Topic started by irmafia on Sep 07, 2012 - 15:00:10 PM


Title - PHOTOS: रॉयल अंदाज वाले पैलेस ऑन व्हील्स में घूमते है राजस्थान !
Posted by : irmafia on Sep 07, 2012 - 15:00:10 PM

जयपुर. आमतौर पर सितंबर में आने वाली पैलेस ऑन व्हील्स के पर्यटकों का फस्र्ट डे फर्स्ट शो उमस और गर्मी की वजह से इतना शानदार नहीं रहता, जितना कि इस बार रहा। वजह यहां हुई बरसात से चल रही ठंडी हवा है। धूप का तो अभी नाम ही नहीं है।


ऐसे में पर्यटकों ने दिन भर शहर की हरियाली, छलकते मानसागर और मावठे के किनारे घूमने का भरपूर आनंद लिया।


पैलेस ऑन व्हील्स गुरुवार को सुबह 3:30 बजे 56 पर्यटकों को लेकर जयपुर के गांधी नगर रेलवे स्टेशन पहुंची। यहां सुबह 7:30 बजे पर्यटकों का परंपरागत राजस्थानी अंदाज में स्वागत किया गया। राजस्थानी वेशभूषा में सजी-धजी महिलाओं ने सभी पर्यटकों को तिलक लगाया।

34 फेरे लगाएगी पैलेस ऑन व्हील्स


ट्रेन के महाप्रबंधक प्रदीप बोहरा ने बताया कि पर्यटकों को आमेर, जलमहल, जंतर-मंतर, अल्बर्ट हॉल म्यूजियम सहित शहर के कई पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया गया। ट्रेन सितंबर से अप्रैल तक जयपुर से सवाई माधोपुर, चित्तौड़, उदयपुर, जैसलमेर, जोधपुर, भरतपुर, आगरा से दिल्ली तक 34 फेरे लगाएगी।


किराया बढ़ा: पिछले सालों के मुकाबले इस साल किराए में 15 प्रतिशत बढ़ोतरी की गई है। बोहरा ने बताया कि ट्रेन के मेंटीनेंस को देखते हुए इस साल किराया बढ़ाया गया है। अब टिकट 500 डॉलर से बढ़ाकर 575 डॉलर का कर दिया गया है।


अगले टूर की बुकिंग लगभग पूरी: ट्रेन प्रबंधक ने बताया कि पिछले सालों से ट्रेन आरटीडीसी को काफी मुनाफा दे रही है। इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि अगले टूर की बुकिंग लगभग 90 प्रतिशत तक हो चुकी है।


जयपुर में खुशनुमा मौसम को देख पर्यटकों के चेहरे खिल उठे। न्यूजीलैंड के एक पर्यटक ने कहा कि शाही ट्रेन का सफर वैसा ही कंफर्ट लगा, जैसा कि हम अपने घर में महसूस करते हैं। जयपुर के मौसम को देखकर मेरी खुशी दोगुनी हो गई। राजस्थान में ऐसी हरियाली की मैंने कल्पना भी नहीं की थी।