Indian Railways News => Topic started by railgenie on Aug 07, 2012 - 12:20:22 PM


Title - 3.5 लाख यात्री बढ़ गए, नई ट्रेन चली सिर्फ एक
Posted by : railgenie on Aug 07, 2012 - 12:20:22 PM

जयपुर जंक्शन यात्रियों की भीड़ के आगे अब छोटा पड़ने लगा है। इस साल गर्मियों की छुट्टियों में तो यहां साढ़े तीन लाख यात्री बढ़ गए, जो पिछले साल के मुकाबले 34 प्रतिशत अधिक थे। इतना यात्रीभार बढ़ने की रेलवे प्रशासन को भी उम्मीद नहीं थी।

ऐसे में रेलवे को मौजूदा संसाधनों के भरोसे ही रहना पड़ा। इससे यात्री सफर के दौरान ट्रेनों में परेशान होते रहे। बढ़े हुए यात्रीभार के हिसाब से कम से कम 15 नई ट्रेनों की जरूरत थी, जबकि संसाधन बढ़ाने के नाम पर केवल एक नई ट्रेन उपलब्ध कराई गई।

इस साल रेल बजट में जयपुर को सात नई ट्रेनें देने की घोषणा हुई थी। इनमें से तीन तो पहले से ही होली डे स्पेशल के रूप में चल रही थीं। शेष चार ट्रेनों में से अभी तक केवल एक ट्रेन चलाई गई और 3 ट्रेनों के चलने का इंतजार है। यात्रियों की भीड़ को देखते हुए अब कई मार्गो पर और ट्रेन चलाने की जरूरत है।

यात्रियों की संख्या

सन 2011 2012 बढ़ोतरी % में)

अप्रैल 3,40,249 4,56,104 34

मई 3,17,739 5,04,761 58

जून 4,07,112 4,50,7 78 10

कुल 10,65,100 14,11,643 34


रेलवे को इतनी हुई आय

सन 2011 2012 बढ़ोतरी % में)

अप्रैल 14,06,71,896 18,59,30,951 32

मई 13,63,59,860 20,26,37,639 48

जून 16,18,89,898 8,51,27,000 14

कुल 43,89,21,654 57,36,95,590 30

एक्सपर्ट व्यू : भविष्य में और बढ़ेंगे यात्री, रेलवे करे सही प्लानिंग

जयपुर मंडल रेलवे उपभोक्ता परामर्शदात्री समिति के सदस्य बाबूलाल गुप्ता का कहना है कि यहां बड़े-बड़े शिक्षण संस्थान खुलने से बाहर से आने वालों की संख्या बढ़ती जा रही है। आने वाले समय में यात्रियों की संख्या में बेतहाशा बढ़ोतरी होगी। इसके लिए रेलवे प्रशासन को अभी से प्लानिंग शुरू कर देनी चाहिए। प्रमुख मार्गो को चिन्हित कर वहां के लिए नियमित ट्रेन के लिए रेलवे बोर्ड को प्रस्ताव भेजा जाना चाहिए। जब तक नियमित ट्रेन नहीं चले, तब तक पर्याप्त डिब्बे बढ़ाकर या स्पेशल ट्रेन चलाकर यात्रियों के राहत देनी चाहिए।

अब तक ये ट्रेनें नहीं दौड़ीं पटरी पर

बीकानेर-पुरी एक्सप्रेस वाया जयपुर (साप्ताहिक), अहमदाबाद-गोरखपुर एक्सप्रेस वाया जयपुर (साप्ताहिक) और दरभंगा-अजमेर एक्सप्रेस वाया जयपुर (साप्ताहिक)

एक ट्रेन चलाई गई :

बजट में घोषित ओखा-जयपुर एक्सप्रेस (साप्ताहिक) ही अभी तक पटरी पर दौड़ सकी है।

इतने लगे अतिरिक्त कोच :

यात्रीभार को देखते हुए पिछले साल मई, जून और जुलाई में रेलवे ने 378 अतिरिक्त डिब्बे लगाए थे। इस साल 523 अतिरिक्त डिब्बे लगाए गए जो पिछले साल के मुकाबले 145 ज्यादा थे।

'पिछले साल के मुकाबले इस साल जयपुर स्टेशन से यात्रीभार में काफी बढ़ोतरी हुई। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए कोच की उपलब्धता के आधार पर हमने कई मार्गो पर ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए।'

-ललित बोहरा, सीपीआरओ, उत्तर पश्चिम रेलवे