Indian Railways News => Topic started by Mafia on Jun 13, 2013 - 06:30:26 AM


Title - कानपुर:अब तीन लाइन पर 'नहाएंगी' ट्रेनें
Posted by : Mafia on Jun 13, 2013 - 06:30:26 AM

कानपुर, एक प्रतिनिधि : पुराना स्टेशन के पास लोको शेड स्थित न्यू कोचिंग कांप्लेक्स में अब तीन वाशिंग लाइन होगी और चौथी अतिरिक्त लाइन पर धुलाई के इंतजार में ट्रेन खड़ी रहेगी। यह व्यवस्था होते ही नई ट्रेनों को चलाने के रास्ते और खुल जाएंगे। यह जोन की सबसे बड़ी वाशिंग लाइन होगी।

बुधवार को मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) हरींद्र राव दलबल के साथ न्यू कोचिंग काम्प्लेक्स पहुंचे और साइट का निरीक्षण करने के साथ ही अधिकारियों संग बैठक कर वाशिंग लाइन को आधुनिक बनाने की रणनीति तय की। दरअसल सेंट्रल स्टेशन से अमृतसर समेत कई स्टेशनों के लिए ट्रेनों का संचालन होना है लेकिन ट्रेनों का रखरखाव नहीं होने से इनके संचालन में बाधा आ रही है।

---------------

इसी वर्ष नवंबर तक दूसरी वाशिंग लाइन और अगले वर्ष तीसरी आधुनिक वाशिंग लाइन भी चालू हो जायेगी।

हरींद्र राव, मंडल रेल प्रबंधक

---------------

ऐसे होगी वाशिंग लाइन

तीन वाशिंग लाइन पर ट्रेनों की धुलाई होती रहेगी और अतिरिक्त लाइन पर चौथी ट्रेन वाशिंग लाइन खाली होने की प्रतीक्षा में खड़ी रहेगी।

--------------

आटोमेटिक मशीन से धुलाई

वाशिंग लाइन में ट्रेनों की धुलाई करने के लिए अभी एक-एक कोच पर तीन से चार कर्मियों को लगना पड़ता है लेकिन जल्द ही ट्रेनों की धुलाई मशीन से होगी, जिसमें एक रेलकर्मी ही मशीन से धुलाई करने में सक्षम रहेगा। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि मशीन से कोचों की धुलाई करने का प्रस्ताव है, जिसे जल्द ही अमलीजामा पहनाया जाएगा।

--------------

न्यू कोचिंग कांप्लेक्स की स्थिति

शताब्दी एक्सप्रेस, श्रमशक्ति एक्सप्रेस की धुलाई यहीं पर होती है।