Indian Railways News => Topic started by RailXpert on Jul 09, 2013 - 00:00:05 AM


Title - China's ex minister sentenced to death for graft, power misuse 10545367
Posted by : RailXpert on Jul 09, 2013 - 00:00:05 AM

बीजिंग। चीन की एक अदालत ने देश के पूर्व रेल मंत्री लियू झिजुन को सोमवार को भ्रष्टाचार और सत्ता के दुरुपयोग मामले में मौत की सजा सुनाई। हालांकि सजा को दो साल के लिए निलंबित किया गया है।

शिन्हुआ न्यूज एजेंसी के अनुसार, बीजिंग में दूसरे नंबर की इंटरमीडिएट पीपुल्स कोर्ट में सुनवाई पूरी होने पर 60 वर्षीय लियू को यह सख्त सजा सुनाई गई। उन्हें सत्ता का दुरुपयोग करने के लिए 10 साल कैद की भी सजा दी गई है। कोर्ट ने कहा, संयुक्त अपराध के लिए लियू को मौत की सजा दी जा रही है। उनकी सजा दो साल के लिए स्थगित रहेगी। साथ ही उन्हें राजनीतिक अधिकारों से वंचित किया जा रहा है। उनकी निजी संपत्ति को जब्त कर लिया जाएगा। अदालत ने पाया कि लियू ने 1986 से 2011 तक स्थानीय रेलवे कार्यालय के अधिकारी के तौर पर अपने पदों का फायदा उठाया और 11 लोगों की पदोन्नति एवं परियोजनाओं के लिए संविदाएं हासिल करने में मदद की। लियू पर 25 साल के दौरान 1.5 करोड़ डॉलर [करीब 64 करोड़ रुपये] रिश्वत लेने का भी आरोप था। वह 2003 से 2011 तक रेल मंत्री थे। उनके कार्यकाल के दौरान हाई स्पीड रेल नेटवर्क से देश के कई हिस्सों को जोड़ा गया।

रेल मंत्री रहने के दौरान उन पर अपने रिश्तेदारों को निर्माण संबंधी ठेका दिलाने में मदद कर उन्हें लाभ पहुंचाने का भी आरोप था। भ्रष्टाचार से अर्जित उनकी संपत्ति को जब्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पूर्व रेल मंत्री को यह सख्त सजा राष्ट्रपति शी चिनफिंग के नेतृत्व में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्ती से निपटने के वादे के तहत दी गई है।