Indian Railways News => Topic started by puneetmafia on Sep 03, 2013 - 11:56:24 AM


Title - आज से चलेगी बाढ़ पीड़ितों के लिए विशेष राहत ट्रेन
Posted by : puneetmafia on Sep 03, 2013 - 11:56:24 AM

भागलपुर : गंगा का जलस्तर बढ़ने से भागलपुर के कई इलाके जलमग्न हो गए हैं। बाढ़के पानी से कई जगहों पर सड़कें बह गई हैं। भागलपुर और कहलगांव के बीच सड़क मार्ग से संपर्क भंग है। ऐसे में कहलगांव जाने के लिए ट्रेन ही यातायात का एकमात्र साधन बची है। ऐसे में ट्रेनों में भीड़ बढ़ने से साहिबगंज-भागलपुर-जमालपुर रेल खंड के यात्रियों की परेशानियां बढ़ गई हैं। इसे देखते हुए रेलवे ने सोमवार से बाढ़ पीड़ितों के लिए विशेष राहत ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है।
भागलपुर स्टेशन के वीआइपी कक्ष में ऑडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए मालदा डीआरएम आरके गुप्ता ने पत्रकारों को बताया, बाढ़ से मुसीबत बढ़ गई है। सबौर-लैलख के बीच कटाव के कारण भागलपुर मुख्यालय से कहलगांव का सड़क संपर्क टूट गया है। बाढ़ पीड़ितों के समक्ष आवागमन की समस्या खड़ी हो गई है। लगातार जलस्तर बढ़ने से रेलवे पुल पर दबाव भी बढ़ा है। रविवार को रेलवे बोर्ड के पास बाढ़ पीड़ितों के लिए विशेष राहत ट्रेन चलाने का प्रस्ताव भेजा गया था। महज 15 मिनट में रेलवे बोर्ड ने विशेष राहत ट्रेन के रूप में डीएमयू के परिचालन की स्वीकृति दे दी।
सोमवार से डीएमयू का जमालपुर से साहिबगंज तक परिचालन शुरू होगा। यह ट्रेन 15 दिनों तक चलेगी। स्थिति सामान्य होने पर डीएमयू का परिचालन बंद कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस ट्रेन का परिचालन सिर्फ यात्रियों के लिए किया जा रहा है। इसकी बोगियों में बोरियां, भूसी, साइकिल या अन्य सामान लादना प्रतिबंधित होगा। खतरे को देखते हुए जमालपुर-कल्याणपुर रोड तथा भागलपुर से लैलख के बीच ट्रेन का परिचालन 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से होगा।
डीआरएम के मुताबिक डीएमयू ट्रेन पहली बार चलेगी। इसमें आठ बोगियां होंगी। मालदा मंडल में इंजन चालकों की कमी है। लिहाजा, रेलवे बोर्ड के निर्देश पर इस ट्रेन के लिए ईसीआर रेलवे से चालक मिला है। डीएमयू सभी हॉल्ट व स्टेशनों पर रुकेगी। डीएमयू के परिचालन से व‌र्द्धमान पैसेंजर के परिचालन पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने बताया कि आगामी सात सितंबर को डांढ़े हॉल्ट का शिलान्यास किया जाएगा।
डीएमयू का परिचालन चार्ट जमालपुर से
जमालपुर से सुबह 7:45 बजे खुलेगी और 8:45 बजे सुल्तानगंज पहुंचेगी। सुल्तानगंज से 8:50 बजे खुलेगी और 9:30 बजे भगालपुर पहुंचेगी और भागलपुर से 9:35 बजे खुलेगी। 10:45 बजे यह ट्रेन कहलगांव पहुंचेगी। कहलगांव से 10:50 बजे खुलेगी जो दोपहर 12:15 बजे साहिबगंज पहुंचेगी
डीएमयू का परिचालन चार्ट साहिबगंज स
साहिबगंज से यह ट्रेन दोपहर 1:10 बजे खुलेगी तथा 2:15 बजे कहलगांव पहुंचेगी। कहलगांव से दोपहर 2:20 बजे खुलेगी जो अपराह्न 3:10 बजे भागलपुर पहुंचेगी। अपराह्न 3:15 बजे भागलपुर से खुलेगी और शाम 4:00 बजे सुल्तानगंज पहुंचेगी। सुल्तानगंज से ही यह ट्रेन भागलपुर के लिए शाम 5:00 बजे खुलेगी और 5:40 बजे भागलपुर पहुंचेगी। शाम 6:30 बजे यह ट्रेन भागलपुर से जमालपुर के लिए खुलेगी। सुल्तानगंज में यह ट्रेन रात 7:15 बजे पहुंचेगी। रात 7:30 बजे सुल्तानगंज से खुलेगी तथा रात 8:30 बजे यह ट्रेन जमालपुर पहुंचेगी।